रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 9 अप्रैल। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राज्य सरकार अब खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए 3 लाख रुपए तक की आर्थिक मदद देगी। कई बार खिलाड़ी पैसों की कमी के कारण इन प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं ले पाते थे। इस मदद से उन्हें अपनी यात्रा और तैयारी के लिए फंड मिलेगा। यह योजना क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत लागू की जाएगी।
इसमें ओलंपिक, विश्व कप, एशियाड और राष्ट्रमंडलीय खेल शामिल होंगे। खिलाड़ियों को इस मदद के लिए चयन पत्र और यात्रा टिकट जैसी जानकारी देनी होगी। इसके आधार पर मदद का मूल्य तय किया जाएगा। इसके बाद, मंत्री की सिफारिश और कलेक्टर की मंजूरी से यह मदद दी जाएगी।
खेल संचालक तनुजा सलाम ने बताया कि इस साल सरकार ने खेल योजना के लिए 50 करोड़ रुपए का बजट रखा है। इसमें मुख्य रूप से छह बिंदु हैं. जिनमें गांव और जिलों में खेल सुविधाओं का निर्माण, खेल प्रतिभाओं की पहचान और मैदानों का उन्नयन, खेल क्लबों को आर्थिक मदद देना, पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देना। स्टेडियम और इंडोर हॉल के निर्माण के लिए 80 लाख रुपयों की मदद।
इसके अलावा, जिला कलेक्टर के प्रस्ताव पर स्टेडियम और इंडोर हॉल के निर्माण के लिए 80 लाख रुपए तक की मदद दी जाएगी। 3 करोड़ रुपए तक के प्रस्तावों के लिए प्रशासनिक मंजूरी की आवश्यकता होगी। खेल समितियों और क्लबों को भी 5 लाख रुपए तक की मदद दी जाएगी। साथ ही, अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए जिला खेल अधिकारी के प्रस्तावों पर भी ध्यान दिया जाएगा।