ज्वेलरी दुकान से 2.34 करोड़ रुपए का सोना पार : दुकान का कर्मचारी 2.34 करोड़ का सोना लेकर हुआ फरार

ज्वेलरी दुकान से 2.34 करोड़ रुपए का सोना पार : दुकान का कर्मचारी 2.34 करोड़ का सोना लेकर हुआ फरार

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 20 मई । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की एक ज्वेलरी दुकान से 16 साल पुराना कर्मचारी 2 करोड़ रुपए से अधिक का सोना लेकर फरार हो गया है। कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पतासाजी जारी है। एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी संदिग्ध गतिविधि करते दिखाई दे रहा है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के सदरबाजार की है।

मिली जानकारी के अनुसार, सदर बाजार स्थित मनोहरमल एंड कंपनी में बंधवापारा निवासी सूरज साहू ने सोना चोरी किया है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है। लंबे समय से काम करने और भरोसेमंद होने के कारण उसे दुकान में डिस्प्ले में रखे गए सोने के जेवरों को वापस लॉकर में सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी दी गई थी।

पिछले महीने उसने एक व्यापारी को दिखाने के लिए लॉकर से सोना निकाला था। सोना वापस लॉकर में रखने के बजाये आरोपी ने अपने बैग में रख लिया और चुपचाप घर चला गया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद वह कुछ दिन तक दुकान आता रहा, जिससे किसी को शक नहीं हुआ। करीब एक माह बाद जब स्टॉक का मिलान के दौरान 1,495 ग्राम सोना कम पाया गया।

सोना गायब होने की घटना के बाद कारोबारी ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। फुटेज में कर्मचारी सूरज साहू संदिग्ध गतिविधियों में नजर आया। गायब सोने के जेवर की कीमत 2.34 करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस आरोपी के घर पहुंची, लेकिन वह फरार मिला। मामला दर्ज पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए कार्रवाई कर रही है।

Chhattisgarh