बिलासपुर के तालाब से निकले मगरमच्छ के 6 बच्चे : वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू कर डैम में छोड़ा, इलाके में मचा हड़कंप

बिलासपुर के तालाब से निकले मगरमच्छ के 6 बच्चे : वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू कर डैम में छोड़ा, इलाके में मचा हड़कंप

बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ़) 13 जुन । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र स्थित बिकमा तालाब में उस समय लोगों के बीच कौतूहल और चिंता का माहौल बन गया, जब तालाब के किनारे मगरमच्छ के छह शावक दिखाई दिए। सुबह तालाब में नहाने पहुंचे लोगों की नजर इन नन्हे मगरमच्छों पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस और वन विभाग को दी गई।

मिली जानकारी के अनुसार, तालाब किनारे दिए गए अंडों से हाल ही में ये मगरमच्छ शावक बाहर निकले थे। सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से सभी शावकों को सावधानीपूर्वक सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के बाद वन विभाग ने छहों मगरमच्छ शावकों को सुरक्षित रूप से खुटाघाट डैम में छोड़ दिया। अधिकारियों का कहना है कि शावकों को प्राकृतिक वातावरण में सुरक्षित रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।

वन विभाग को आशंका है कि बिकमा तालाब में अभी भी कुछ मगरमच्छ मौजूद हो सकते हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीन और मगरमच्छों के तालाब में होने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।

वन विभाग और पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से तालाब के किनारे अनावश्यक रूप से न जाने और बच्चों को अकेले वहां नहीं भेजने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या मगरमच्छ दिखाई देने पर तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Chhattisgarh