‘अर्पण कार्यक्रम’ का आयोजन: दीपावली के अवसर पर 150 लोगों को लौटाए गए उनके गुम हुए मोबाइल

‘अर्पण कार्यक्रम’ का आयोजन: दीपावली के अवसर पर 150 लोगों को लौटाए गए उनके गुम हुए मोबाइल

बिलासपुर (अमर छत्तीसगढ़) 5 नवंबर।

बिलासपुर पुलिस के ‘चेतना अभियान’ के तहत ‘अर्पण कार्यक्रम’ का आयोजन: दीपावली के अवसर पर 150 लोगों को लौटाए गए उनके गुम हुए मोबाइल*

रिकवर किए गए मोबाइलों की कुल कीमत लगभग 30 लाख रुपये
वर्ष 2026 में अब तक करीब 1500 मिसिंग मोबाइल ढूंढकर बिलासपुर पुलिस राज्य में प्रथम स्थान पर बरकरार
कार्यक्रम में आमजन को ‘संचार साथी’ ऐप और साइबर फ्रॉड के प्रति किया गया जागरूक

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (DIG/SSP) बिलासपुर, श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर आज दिनांक 05-11-2026 को चेतना सभागार में ‘अर्पण कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के तहत बिलासपुर पुलिस ने दीपावली पर्व के पावन अवसर पर “आपकी एक आस, आपकी अमानत, आपके पास” के ध्येय के साथ आम जनता के गुम हुए 150 कीमती मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंपे। इन बरामद किए गए मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपये है।


मुस्कान के साथ लौटीं यादें और खुशियां:
खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। इस दौरान कई भावुक कर देने वाली कहानियां सामने आईं:
🔴 रक्षाबंधन पर भाई द्वारा गिफ्ट किया गया मोबाइल गुम होने से मायूस बहन के चेहरे पर खुशी लौट आई।
🔴अस्पताल में इलाज के दौरान एक बुजुर्ग महिला का गुम हुआ फोन वापस मिलने से रिश्तों की मिठास दोबारा लौट आई।
🔴एक बेटी ने अपनी पहली कमाई से मां को जो मोबाइल गिफ्ट किया था, वह एक महीने में ही गुम हो गया था; उसे वापस पाकर परिवार बेहद भावुक और खुश नजर आया।
🔴परीक्षा देने के दौरान मोबाइल गंवा चुकी उच्च न्यायालय बिलासपुर की एक प्रैक्टिसिंग अधिवक्ता और एक बुजुर्ग दिव्यांग व्यक्ति भी अपना फोन वापस पाकर बिलासपुर पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करते दिखे।

साइबर सुरक्षा और ‘संचार साथी’ ऐप के प्रति जागरूकता:
इस अवसर पर ACCU (साइबर सेल) बिलासपुर के प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी एवं अन्य स्टाफ द्वारा चेतना सभागार में उपस्थित नागरिकों को वर्तमान में चल रहे साइबर फ्रॉड (Cyber Fraud) के तरीकों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, भारत सरकार द्वारा तैयार की गई बेहद उपयोगी मोबाइल एप्लीकेशन ‘संचार साथी’ के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, ताकि लोग भविष्य में अपने डिवाइस और डेटा को सुरक्षित रख सकें।

रिकवरी में बिलासपुर पुलिस राज्य में नंबर वन:
बिलासपुर जिले के विभिन्न थानों में मोबाइल गुमने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण व ACCU) श्रीमती मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में ACCU बिलासपुर की टीम ने छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ-साथ सरहदी राज्यों से इन 150 मोबाइलों को रिकवर किया है। बिलासपुर पुलिस वर्ष 2026 में अब तक करीब 1500 मिसिंग मोबाइल रिकवर कर उनके स्वामियों को बांट चुकी है और मोबाइल रिकवरी के मामले में पूरे छत्तीसगढ़ राज्य में प्रथम स्थान पर बनी हुई है।
वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति:

       इस सफल अभियान और अर्पण कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण व ACCU) श्रीमती मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल, उप पुलिस अधीक्षक (क्राइम एवं ACCU) सुदीप सरकार, निरीक्षक गोपाल सतपथी (प्रभारी ACCU)मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

आम जनता ने बिलासपुर पुलिस के इस मानवीय और संवेदी ‘चेतना अभियान’ की खुलकर सराहना की और बिलासपुर पुलिस के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति सहृदय धन्यवाद ज्ञापित किया।

Chhattisgarh