राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 20 नवंबर।
सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु, मानवता, प्रेम, समानता और भाईचारे का संदेश देने वाले श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व सिख समाज द्वारा श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर राजनांदगांव स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में कई दिनों से धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों की श्रृंखला जारी है। प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार 22 नवंबर को दोपहर 3 बजे भव्य शोभायात्रा एवं विशाल नगर कीर्तन निकाला जाएगा। वहीं, प्रकाश पर्व का मुख्य आयोजन 24 नवंबर को गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न होगा।
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा द्वारा समूची सिख संगत के सहयोग से प्रकाश पर्व की तैयारियां व्यापक स्तर पर की गई हैं। गुरुद्वारा साहिब में पिछले दो माह से श्री गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ की परंपरा जारी है। वहीं, विगत 11 दिनों से प्रतिदिन सुबह 5 बजे प्रभात फेरियां निकाली जा रही हैं। प्रभात फेरियों में सिख समाज के महिला-पुरुष, बुजुर्गों एवं युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिल रही है।
गुरुबाणी और शबद कीर्तन के माध्यम से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। रविवार को दोपहर 3 बजे गुरुद्वारा साहिब से अरदास के पश्चात पंज प्यारों की अगुवाई में भव्य नगर कीर्तन प्रारंभ होगा। शोभायात्रा में सिख समाज के महिला-पुरुष, बच्चे और विभिन्न कीर्तनी जत्थे शामिल होंगे। कीर्तनी जत्थों द्वारा गुरुबाणी एवं शबद कीर्तन की मधुर प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इस अवसर पर आकर्षक विद्युत सज्जा से सुसज्जित विशाल वाहन विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
पंथ प्रसिद्ध रागी जत्थे भाई वीर पारस सिंघ लुधियाना वाले तथा हजूरी रागी जत्थे के भाई गुरप्रीत सिंह ‘शहूर’ जी द्वारा शबद कीर्तन की प्रस्तुति दी जाएगी। रात्रि दीवान में श्रद्धालु गुरु वाणी का श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त करेंगे। इसके पश्चात अरदास, सुखासन और गुरु का लंगर वितरित किया जाएगा।
प्रकाश पर्व के अवसर पर आमंत्रित रागी जत्थे भाई वीर पारस सिंघ जी द्वारा 22 नवंबर की रात्रि के दीवान के साथ ही 23 नवंबर को सुबह एवं रात्रि के दीवान में भी भक्तिमय शबद कीर्तन की प्रस्तुति दी जाएगी। इन आयोजनों के लिए गुरुद्वारा साहिब में विशेष तैयारियां की गई हैं।
गुरुद्वारा परिसर को आकर्षक विद्युत झालरों से सजाया गया है तथा श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए नगर के प्रमुख मार्गों पर भी विशेष सजावट की गई है। श्री गुरु नानक देव जी के 557वें आगमन पर्व का मुख्य आयोजन 24 नवंबर को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में होगा। इ

