हॉकी इंडिया की 112वीं कार्यकारिणी बैठक केरल में सम्पन्न…. छग हॉकी अध्यक्ष फ़िरोज़ अंसारी शामिल

हॉकी इंडिया की 112वीं कार्यकारिणी बैठक केरल में सम्पन्न…. छग हॉकी अध्यक्ष फ़िरोज़ अंसारी शामिल

तिरुवनंतपुरम, केरल (अमर छत्तीसगढ़) – 29 अप्रैल 2025:
हॉकी इंडिया की 112वीं कार्यकारिणी बैठक केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के होटल कार्तिका इन मे सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।
बैठक की अध्यक्षता हॉकी इंडिया के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. दिलीप कुमार तिर्की ने की, इस अवसर पर हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह व छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष एवं हॉकी इंडिया के संयुक्त सचिव फ़िरोज़ अंसारी की गरिमामयी उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

इस बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत में हॉकी खेल को और अधिक लोकप्रिय बनाना, ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में नई प्रतिभाओं की खोज करना तथा देश भर में खेल अधोसंरचना को और मजबूत बनाना रहा। बैठक में भारत के विभिन्न राज्यों में चल रही हॉकी विकास योजनाओं की समीक्षा की गई और भविष्य की रणनीतियों पर गहन विचार-विमर्श हुआ।

बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णयों में शामिल हैं:
राष्ट्रीय चैंपियनशिप प्रमाणपत्र का डिजिटलीकरण:
खिलाड़ियों की भागीदारी का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार कर प्रमाणपत्र ऑनलाइन प्रणाली से प्रदान किए जाएंगे, जिससे पारदर्शिता और सुविधा दोनों सुनिश्चित होंगी।

हॉकी इंडिया लीग (HIL) का आगामी संस्करण:
जनवरी 2026 के दूसरे सप्ताह में आयोजित किया जाना प्रस्तावित।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं हेतु वाणिज्यिक एजेंसियों की नियुक्ति:
आयोजन की गुणवत्ता व प्रबंधन को सुदृढ़ करने हेतु यह कदम उठाया गया।

तकनीकी स्टाफ की नियुक्तियाँ: हॉकी इंडिया कार्यालय और राष्ट्रीय टीम के लिए नई नियुक्तियाँ स्वीकृत।

नई अकादमियाँ शामिल
वीर शिवाजी हॉकी अकादमी, लखनऊ (उत्तर प्रदेश)

जूड फेलिक्स हॉकी अकादमी, बेंगलुरु (कर्नाटक)

प्रोत्साहन योजनाएँ:
खिलाड़ियों व स्टाफ के लिए नई आर्थिक सहायता योजनाओं को मंजूरी।

अमिटी यूनिवर्सिटी द्वारा छात्रवृत्ति प्रस्ताव की स्वीकृति
अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खिलाड़ियों को उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।

महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी
पुरुष एशिया कप 2025 – 29 जुलाई से बिहार के राजगीर में आयोजन।

जूनियर पुरुष विश्व कप 2025 – 28 नवंबर से चेन्नई व मदुरै (तमिलनाडु) में संभावित आयोजन।

अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने बैठक के समापन पर कहा, “भारत की हॉकी विरासत गौरवशाली है और हमारा उद्देश्य है कि हम एक बार फिर इस खेल में विश्वशक्ति बनें। इसके लिए हम सभी स्तरों पर कार्य कर रहे हैं।”

संयुक्त सचिव फ़िरोज़ अंसारी ने भी बैठक में सक्रिय भूमिका निभाई और छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे हॉकी विकास कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि “नवीन योजनाओं और डिजिटल नवाचारों के माध्यम से हम देश के हर कोने से हॉकी प्रतिभाओं को उभारने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

यह बैठक भारतीय हॉकी के भविष्य की दिशा तय करने वाली एक ऐतिहासिक पहल मानी जा रही है, जिससे न केवल राष्ट्रीय स्तर पर बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी भारत की स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है।

Chhattisgarh