बलौदाबाजार(अमर छत्तीसगढ) 27 जुलाई। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार से सिरपुर रोड स्थित धसगुड़ जलप्रपात में तीन किशोर घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान पलारी विकासखंड के छेरकापुर गांव निवासी निखिल साहू नाम का किशोर जलप्रपात की चोटी पर चढ़ा और फिसलकर करीब 60 से 65 फीट नीचे जा गिरा।
गिरने से निखिल गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे बलौदा बाजार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। किशोर की हालत खतरे से बाहर है, लेकिन उसके शरीर की चार हड्डियां टूट गई हैं।
बारिश के चलते जिले के सिद्धखोल जल प्रपात सहित अन्य जलप्रपातों में भी सैलानियों की भीड़ उमड़ रही है, लेकिन यहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। प्रशासन की लापरवाही कभी भी किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती है।
वहीं किशोर के द्वारा सेल्फी लेते वक्त हादसा होने की बात भी सामने आ रही है। लेकिन इस बात की अभी पुष्टि नहीं हुई है। बता दें कि, धासकुड़ जलप्रपात सिरपुर के पास महासमुंद जिले अंतर्गत आता है। इस जलप्रपात को देखने छत्तीसगढ़ के कई जिलों से लोग आते है।

