रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) राजधानी रायपुर के एम.जी. रोड स्थित श्री जिनकुशल सूरि दादाबाड़ी तीर्थ में आगामी 30मार्च 2026 सोमवार को एक विशेष आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम “भवों की यात्रा – वीर की गाथा” का आयोजन किया जा रहा है। रात्रि 8:00 बजे से आयोजित होने वाली इस नृत्य-नाटिका में भगवान महावीर स्वामी के पूर्व जन्मों (भवों) के प्रेरक प्रसंगों को कलात्मक ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।
कार्यक्रम की निर्देशिका श्रीमती आस्था जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस नृत्य-नाटिका का मुख्य उद्देश्य भगवान महावीर के ‘वर्धमान’ बनने से पहले की तपस्या, त्याग और उनके विभिन्न जन्मों के विवरण को समाज के सम्मुख रखना है। यह प्रस्तुति दर्शकों को अहिंसा और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देगी।
महिला शक्ति का अनूठा संगम:
इस आयोजन की विशेषता यह है कि इसमें रायपुर के विभिन्न जैन महिला मंडलों की 50 से अधिक महिलाएं एक साथ मंच साझा करेंगी। कार्यक्रम का संयोजन विभिन्न दिगम्बर जैन महिला मंडल द्वारा किया जा रहा है, जिसमें निम्नलिखित मंडल सहभागी हैं:
महामंत्र ग्रुप
श्री आदिनाथ दिगंबर जैन महिला मंडल, मालवीय रोड
प्रतिमा महिला मंडल, शंकर नगर
दिगंबर जैन महिला मंडल, टैगोर नगर
श्री आदिश्वर महिला मंडल डीडी नगर
की इन सदस्य महिलाओं द्वारा पिछले कई दिनों से इस नृत्य-नाटिका के लिए विशेष अभ्यास किया जा रहा है। आयोजन समिति ने रायपुर के समस्त धर्मप्रेमी जनता से इस भव्य भक्तिमय प्रस्तुति का लाभ लेने और सपरिवार उपस्थित होने की अपील की है।
सूचनादाता
श्रीमती आस्था जैन
कार्यक्रम निर्देशिका

