राजनांदगांव (अमर छत्तीसगढ़) 4 अप्रैल।
ईश्वर प्रेम भाव से उनकी की गई भक्ति से प्रसन्न होते हैं। भगवान से किसी भी चीज़ की कामना नहीं करनी चाहिए। वे अपने भक्तों की चाहत को जानते हैं। जिसके पास प्रभु का नाम रूपी धन है और संतोष है, वह सबसे बड़ा धनवान है।
उक्त बातें आचार्य पंडित अनिल शुक्ला महाराज ने सृष्टि कॉलोनी में बजाज परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ सप्ताह के दौरान आए प्रसंगों के दौरान कही। पंडित श्री शुक्ला के अनुसार भगवान कभी सोते (निद्रा) नहीं हैं। उनकी दृष्टि सर्वत्र मनुष्य के अच्छे-बुरे कर्मों को देख रही होती है, जैसा कि कहा जाता है, भगवान सो गए हैं।
पंडित शुक्ला ने कहा कि व्यक्ति को अपने धर्म का पालन करना चाहिए। उन्होंने धर्म परिवर्तन के प्रयासों की निंदा की। उन्होंने कहा कि, कोई कितना भी वैभवशाली और ज्ञानी क्यों न हो, यदि धर्म के प्रति आस्था नहीं है तो सब निरर्थक है।
पंडित श्री शुक्ला ने देश के एक बड़े संत का उल्लेख करते हुए कहा कि अयोध्या में श्री रामलालजी की मंदिर स्थापना की उनकी भविष्यवाणी सच हुई और श्री रामलालजी सिंहासन पर विराजमान हुए। देश में ऐसे और भी संत हुए हैं, जिनकी भविष्यवाणियां सत्य हुई हैं।
प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी को सनातनी संत बतलाते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि देश में आज सनातन धर्म की रक्षा हो रही है। अयोध्या का नाम लेने मात्र से पुण्य की प्राप्ति होती है। श्री योगी आदित्यनाथ, बजाज परिवार के आशीर्वादक गुरुजी बताए जाते हैं।
आचार्य पंडित अनिल शुक्ला ने भागवत सप्ताह के दौरान भगवान श्री राम, श्री कृष्ण, श्री शुकदेव जी के जन्म के अलावा गजेंद्र मोक्ष, समुद्र मंथन, वामन अवतार श्री कृष्ण की बाल लीलाओं सहित विभिन्न प्रसंगों पर दृष्टांत का वर्णन किया। उनकी कर्णप्रिय भजनों के साथ संगीतमय व्याख्या भी की।
कथा के प्रारंभ में पोथी यात्रा और पश्चात श्री कृष्ण एवं रुक्मिणी विवाह में लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन कथा श्रवण का आनंद लेते रहे। उक्त जानकारी श्रद्धालु जितेन्द्र काथरानी ने दी।

