गंगरेल बांध में मजदूर के लिए दौड़ी वाटर एम्बुलेंस : मजदूर के सिर से टकराया जहरीला सांप, रेस्क्यू कर भेजा गया अस्पताल

गंगरेल बांध में मजदूर के लिए दौड़ी वाटर एम्बुलेंस : मजदूर के सिर से टकराया जहरीला सांप, रेस्क्यू कर भेजा गया अस्पताल

धमतरी(अमर छत्तीसगढ़) 20 अप्रैल । गंगरेल बांध के बीच स्थित ठेमली आईलैण्ड में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क निर्माण कार्य में लगे एक मजदूर के सिर से अचानक जहरीला सांप टकरा गया। घटना के बाद युवक की तबीयत बिगड़ने लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगपुर निवासी शंकर कमार (26 वर्ष) पिछले 20 दिनों से आईलैण्ड में रहकर मजदूरी कर रहा था। सोमवार सुबह वह भोजन के बाद कार्यस्थल की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक झाड़ीनुमा पेड़ के नीचे से गुजरते समय डाली पर लिपटा पतला जहरीला सांप उसके सिर से रगड़ गया।

घटना के तुरंत बाद युवक के सिर में खुजली शुरू हुई और कुछ ही देर में उसे चक्कर आने लगे। साथी मजदूरों ने पेड़ पर सांप को देखा तो स्थिति स्पष्ट हुई, लेकिन तब तक युवक की हालत बिगड़ने लगी थी। मजदूरों ने तत्काल ठेकेदार को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और वाटर एम्बुलेंस के जरिए करीब 20 मिनट में युवक को तट तक लाया गया।

तट पर पहले से मौजूद संजीवनी 108 एम्बुलेंस की सहायता से युवक को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसे भर्ती कर तुरंत उपचार शुरू किया गया। डॉक्टरों के अनुसार समय पर इलाज मिलने से उसकी हालत में सुधार हो रहा है।

Chhattisgarh