डोंगरगढ़(अमर छत्तीसगढ़) 15 मई । छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में अवैध खाद भंडारण के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई की गई है। कृषि, राजस्व और प्रशासनिक अमले ने माड़ीतराई गांव में ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए गोदाम से 2300 बोरी खाद बरामद किया है, जिसके बाद गोदाम को सील कर दिया गया है। यह पूरा मामला डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम माड़ीतराई का है।
राजनांदगांव कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए कृषि, राजस्व और प्रशासनिक अमले ने टीम ने गोदाम में छापेमारी की।
इस दौरान अधिकारियों को गोदाम में 2300 बोरी खाद का भंडारण मिला, जिसके दस्तावेजों और वैधता की जांच शुरू कर दी गई है। कार्रवाई के बाद मौके पर मौजूद गोदाम को तत्काल सील कर दिया गया।

मामले में सरपंच प्रतिनिधि दिलीप साहू ने बताया कि जब्त खाद बेलगांव निवासी पूर्व सरपंच छबील साहू के पुत्र लेखु साहू का है। उन्होंने यह भी कहा कि लेखु साहू का नाम पहले भी अवैध मुरुम और रेत के मामलों में सामने आ चुका है। इस बयान के बाद मामला और अधिक चर्चाओं में आ गया है।
प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि इतनी बड़ी मात्रा में खाद किस उद्देश्य से संग्रहित किया गया था, क्या इसके लिए वैध अनुमति ली गई थी और खाद का वितरण या परिवहन किन माध्यमों से किया जाना था।

अधिकारियों द्वारा स्टॉक रजिस्टर, परिवहन दस्तावेज और लाइसेंस संबंधी रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं तथा संबंधित लोगों पर वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।

