कांकेर(अमर छत्तीसगढ़) 15 मई । छत्तीसगढ़ के कांकेर में नकली नोटों के बड़े खेल का खुलासा हुआ है। कर्ज के बोझ तले दबे एक शख्स ने रातों-रात अमीर बनने के लिए ऐसा रास्ता चुना, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।
आरोपी अपने ही घर में 500-500 रुपये के नकली नोट छाप रहा था और उन्हें बाजार में खपाने की तैयारी में था। लेकिन इससे पहले कि उसका प्लान सफल हो पाता, पुलिस ने नए बस स्टैंड से उसे दबोच लिया।
आरोपी के पास से करीब साढ़े 6 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं।दरअसल, कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस को नकली नोट खपाने की सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर नए बस स्टैंड से आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 500-500 रुपये के बड़ी मात्रा में नकली नोट बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि, वह कर्ज चुकाने के लिए घर में ही नकली नोट छापने का काम कर रहा था।फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले के खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

