अंबिकापुर(अमर छत्तीसगढ़) 15 मई । शहर के हृदय स्थल गांधी चौक में स्थित कांग्रेस के जिला कार्यालय ‘राजीव भवन’ में चोरों ने एक बार फिर सेंधमारी की है। इस बार की चोरी न केवल नुकसान के लिहाज से बड़ी है, बल्कि चोरों के बेखौफ अंदाज ने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है।
चोरों ने कार्यालय के बाथरूम से लगभग 72 नग स्टील की टोटियां पार कर दीं और जाते-जाते फर्श पर “I LOVE U AMBIKAPUR” लिख कर पुलिस की गश्त को खुली चुनौती दे गए।
हैरानी की बात यह है कि राजीव भवन में चोरी की यह तीसरी वारदात है। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस वीआईपी इलाके में चोरों ने जिस सफाई से बाथरूम के कीमती नल निकाले हैं, उससे साफ जाहिर होता है कि उन्हें पकड़े जाने का कोई डर नहीं था।
घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने मौके का मुआयना किया और आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने इस वारदात के पीछे शहर में सक्रिय नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का हाथ होने की आशंका जताई है।
उन्होंने बताता की कार्यालय में यह तीसरी बार चोरी हुई है। चोरों का दुस्साहस देखिए कि वे जमीन पर संदेश लिख कर जा रहे हैं। यह सीधे तौर पर कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाना है।
इस घटना ने शहर की बिगड़ती कानून व्यवस्था और पुलिसिंग पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि शहर में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस की रात्रि गश्त केवल कागजों तक सीमित है। आम जनता के साथ-साथ अब राजनीतिक दलों के कार्यालय भी सुरक्षित नहीं हैं।

