एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल के सहयोग से उदयाचल का ‘गठिया वात रोग शिविर’, बड़ी संख्या में हो रहे पंजीयन

एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल के सहयोग से उदयाचल का ‘गठिया वात रोग शिविर’, बड़ी संख्या में हो रहे पंजीयन

राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 18 मई।
उदयाचल हेल्थ एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट एवं एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल, रायपुर के सहयोग से 21 मई 2026 को आयोजित होने वाले ‘गठिया वात रोग जांच एवं परामर्श शिविर’ को लेकर आमजन में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। शिविर के लिए बड़ी संख्या में लोग लगातार पंजीयन करा रहे हैं।

इस विशेष शिविर में गठिया, जोड़ों में दर्द, सूजन, कमर एवं घुटनों की समस्या से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञ जांच एवं परामर्श सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। शिविर में एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल, रायपुर की प्रसिद्ध रूमेटोलॉजिस्ट डॉ. जूही दीक्षित मरीजों को परामर्श देंगी।

शिविर के दौरान ऑटो-इम्यून रोग, स्पॉन्डिलाइटिस, यूरिक एसिड, ऑस्टियोआर्थराइटिस सहित विभिन्न वात रोगों की जांच एवं उपचार संबंधी परामर्श दिया जाएगा।

संस्था के संरक्षक पद्मश्री डॉ. पुखराज बाफना ने कहा कि पूर्व में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों को मिले सकारात्मक जनसमर्थन ने संस्था को निरंतर समाजसेवा के लिए प्रेरित किया है। संस्था का उद्देश्य एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल जैसे प्रतिष्ठित स्वास्थ्य संस्थानों के सहयोग से लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं एवं समय पर उचित चिकित्सकीय परामर्श पहुंचाना है।

संस्था ने आमजन से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराकर शिविर का लाभ उठाएं। पंजीयन हेतु उदयाचल नई बिल्डिंग के रूम नंबर 09 एवं 10 में संपर्क किया जा सकता है।

साथ ही पंजीकरण करा चुके मरीजों से निर्धारित समय पर शिविर स्थल पर पहुंचने तथा अपनी पुरानी जांच रिपोर्ट एवं आवश्यक दस्तावेज साथ लाने का अनुरोध किया गया है।

उपरोक्त जानकारी संस्था के जनसंपर्क प्रभारी गुरदीप बग्गा द्वारा दी गई।

Chhattisgarh