महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का बाजार में हल्लाबोल, मोदी सरकार की नीतियों को बताया जिम्मेदार

महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का बाजार में हल्लाबोल, मोदी सरकार की नीतियों को बताया जिम्मेदार

राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 19 मई । शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा सोमवार शाम बढ़ती महंगाई के खिलाफ किराना बाजार क्षेत्र में विरोध-प्रदर्शन एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विपिन यादव , के नेतृत्व में कांग्रेसजन शहीद भगत सिंह चौक में एकत्रित हुए, जहां से गुड़ाखू लाईन, जूनी हटरी के बाजार क्षेत्र की ओर कूच कर खुदरा व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद किया गया।

कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने कांग्रेस नेताओं को बताया कि पिछले 10 वर्षों में खाद्य तेल, शक्कर, चायपत्ती, दाल, आटा, चावल समेत रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ी हैं।

आमजनता ने कहा कि 200-300 रुपये रोज कमाने वाले परिवारों के लिए घर चलाना बेहद कठिन हो गया है। पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की बढ़ती कीमतों ने पहले ही आम आदमी की कमर तोड़ रखी है।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी है, जबकि आम जनता महंगाई की मार झेलने को मजबूर है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों ने देश की अर्थव्यवस्था को कमजोर किया है और इसका सीधा असर गरीब, मध्यमवर्गीय परिवारों तथा छोटे व्यापारियों पर पड़ रहा है।

Chhattisgarh