रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 27 मई । छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष पर आर्म्स एक्ट के मामले में केस दर्ज करने को लेकर राजनैतिक बवाल मच गया है। पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार करते हुए डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि, कवर्धा मामले में मुझ पर आर्म्स एक्ट लगाया गया था, लेकिन यह बताया जाए कि मेरे हाथ में कौन सा हथियार था। उन्होंने कहा कि मामले की जांच पुलिस करेगी और फैसला कोर्ट से आएगा।
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा था कि, हमारी सरकार आएगी तो देखेंगे, पीसीसी ने चूड़ियां नहीं पहन रखी है। इस पर डिप्टी सीएम श्री शर्मा ने कहा कि, पुलिस पर दबाव बनाने यह धमकी दे रहे हैं। ऐसी धमकी देंगे तो उनकी सरकार कभी नहीं आएगी। आप दादागिरी करेंगे और पुलिस को धमकाएंगे ऐसे नहीं चलेगा। वह प्रदेश के सीएम रहे हैं, इतना तो समझना चाहिए। क्या उनके कहने पर पुलिस धारा लगाएगी और धारा उठाएगी?
भूपेश बघेल के चूड़ी पहनने वाले बयान पर मंत्री केदार कश्यप ने इसे अहिल्याबाई और रानी लक्ष्मीबाई जैसी वीरांगनाओं का अपमान बताया। वहीं मंत्री रामविचार नेताम ने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि, मैदान खाली है, आ जाएं, बीजेपी इस तरह की गीदड़ भभकी पहले भी देख चुकी है। दोनों मंत्रियों ने कांग्रेस से संविधान के अनुरूप व्यवहार करने और पुलिस कार्रवाई को प्रभावित करने की कोशिश नहीं करने की नसीहत दी।

