ग्रामीण बैंक शाखा में लगी आग : महत्वपूर्ण दस्तावेज और कई कंप्यूटर स्वाहा जलकर खाक

ग्रामीण बैंक शाखा में लगी आग : महत्वपूर्ण दस्तावेज और कई कंप्यूटर स्वाहा जलकर खाक

रायगढ़(अमर छत्तीसगढ़) 1 जुन । छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लोईंग स्थित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक शाखा में रविवार रात भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। देखते ही देखते आग ने पूरे बैंक को अपनी चपेट में ले लिया। बैंक किराए के एक मकान में संचालित हो रहा था. घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र की है।

मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 9:30 बजे बैंक परिसर से धुआं निकलता दिखाई दिया। बैंक जिस भवन में संचालित हो रहा था, उसके ऊपरी हिस्से में मकान मालिक मनोज प्रधान का परिवार और अन्य किरायेदार रहते हैं। धुआं देखते ही परिजनों ने तत्काल बैंक प्रबंधन को सूचना दी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही बैंक प्रबंधक कुणाल कुमार ने पुलिस और दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम ने आग पर काबू पा लिया। हालांकि, जब तक राहत दल पहुंचा, तब तक आग बैंक के अधिकांश हिस्से को जल चुका था।

प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि जांच के बाद ही असल वजह सामने आ सकेगी। बैंक प्रबंधन का कहना है कि आग में महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंप्यूटर सिस्टम और अन्य रिकॉर्ड जल गए हैं।

Chhattisgarh