कांग्रेस नेता ने नौकरी के नाम पर की ठगी : पटवारी की नौकरी दिलाने के नाम पर 6.50 लाख की ठगी करने के बाद हुआ गिरफ्तार

कांग्रेस नेता ने नौकरी के नाम पर की ठगी : पटवारी की नौकरी दिलाने के नाम पर 6.50 लाख की ठगी करने के बाद हुआ गिरफ्तार

कोंडागांव(अमर छत्तीसगढ़) 15 जुन । छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पटवारी भर्ती में चयन कराने का झांसा देकर एक बेरोजगार युवक से 6 लाख 50 हजार रुपये वसूलने के आरोप में पुलिस ने कांग्रेस के जिला महामंत्री रितेश पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मामले के उजागर होने के बाद कांग्रेस पार्टी ने भी आरोपी को संगठन से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गिरोला निवासी अभिराम सोरी ने थाना कोंडागांव में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2017 में पटवारी भर्ती निकली थी। उसी दौरान उसके परिचित ग्राम बफना निवासी रितेश पटेल ने उसे नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया।

आरोप है कि रितेश ने विभिन्न किश्तों में उससे कुल 6 लाख 50 हजार रुपये ले लिए। इसके बावजूद न तो नौकरी लगी और न ही मांगने पर रकम वापस की गई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर थाना कोंडागांव और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान आरोपी रितेश पटेल को उसके निवास से हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद रविवार को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी रितेश पटेल पूर्व में भी ठगी, बलवा और प्रतिबंधात्मक धाराओं के मामलों में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। इधर रितेश पटेल के मामले के सार्वजनिक होने के बाद कांग्रेस संगठन ने भी कार्रवाई की और उसे पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

Chhattisgarh