दुर्ग(अमर छत्तीसगढ़) 2 जुलाई । जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत तांत्रिक विभाग में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी शिव कुमार ठाकुर को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, शिव कुमार ठाकुर ने विभाग के एक बाबू से उसके भविष्य निधि (पीएफ) की राशि निकालने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता की बेटी की शादी होने के कारण उसे तत्काल पीएफ की राशि की आवश्यकता थी। आरोप है कि शिव कुमार ठाकुर ने पहले 5 लाख रुपये की मांग की थी, जिसके बाद सौदेबाजी के दौरान 10 हजार रुपये लेने पर सहमति बनी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले का सत्यापन किया और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए शिव कुमार ठाकुर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।

