देशभर में एनएसयूआई चुनाव का ऐलान : छत्तीसगढ़ में होगी चुनावी अभियान शुरुआत, कैंपस अध्यक्ष से प्रदेश अध्यक्ष तक होगा चुनाव

देशभर में एनएसयूआई चुनाव का ऐलान : छत्तीसगढ़ में होगी चुनावी अभियान शुरुआत, कैंपस अध्यक्ष से प्रदेश अध्यक्ष तक होगा चुनाव

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 7 जुलाई । देशभर में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के संगठनात्मक चुनावों का ऐलान कर दिया गया है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ में भी एनएसयूआई की नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। चुनाव के माध्यम से प्रदेश से लेकर जिला और कॉलेज स्तर तक संगठन के विभिन्न पदों पर नई टीम का चयन किया जाएगा।

एनएसयूआई के चुनाव दो चरणों में संपन्न होंगे। पहले चरण में प्रदेश के सभी सरकारी, निजी, सहायता प्राप्त महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में कैंपस अध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा। इस चरण में कॉलेज और यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राएं सीधे मतदान कर अपने कैंपस अध्यक्ष का चयन करेंगे। संगठन का मानना है कि इस प्रक्रिया से छात्र नेतृत्व को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को लोकतांत्रिक प्रणाली के तहत नेतृत्व करने का अवसर प्राप्त होगा।

दूसरे चरण में जिला और प्रदेश स्तर के संगठनात्मक चुनाव कराए जाएंगे। कैंपस स्तर पर चुने गए प्रतिनिधियों और संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत जिला तथा प्रदेश इकाइयों का गठन किया जाएगा। इसके बाद एनएसयूआई की नई जिला कार्यकारिणी और प्रदेश कार्यकारिणी अस्तित्व में आएगी।

चुनाव लड़ने के लिए आयु सीमा भी निर्धारित की गई है। 16 वर्ष से 27 वर्ष तक के युवा इन चुनावों में भाग लेकर विभिन्न पदों के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत कर सकेंगे। संगठन ने युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सदस्यता अभियान भी शुरू करने की तैयारी कर ली है।

एनएसयूआई की सदस्यता शुल्क 45 रुपए तय किया गया है। चुनाव में भाग लेने और मतदान करने के लिए छात्रों को संगठन की सदस्यता लेनी होगी। सदस्यता अभियान के दौरान कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में व्यापक स्तर पर संपर्क कार्यक्रम चलाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक छात्र संगठन से जुड़ सकें।

एनएसयूआई के संगठनात्मक चुनावों को लेकर प्रदेशभर के छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। लंबे समय बाद चुनावी प्रक्रिया के जरिए संगठन में नई नेतृत्व टीम सामने आएगी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन चुनावों से छात्र राजनीति को नई दिशा मिलेगी और युवाओं को संगठन के भीतर नेतृत्व विकसित करने का अवसर प्राप्त होगा।

प्रदेश में चुनाव कार्यक्रम की विस्तृत समय-सारिणी जल्द जारी की जाएगी। इसके बाद सदस्यता अभियान, नामांकन, प्रचार और मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी। एनएसयूआई ने दावा किया है कि चुनाव पूरी तरह लोकतांत्रिक और पारदर्शी तरीके से कराए जाएंगे, जिससे संगठन के प्रत्येक स्तर पर युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

Chhattisgarh