भ्रष्टाचार पर EOW का बड़ा एक्शन : करोड़ों की अवैध संपत्ति मामले में पूर्व बीज प्रबंधक गिरफ्तार

भ्रष्टाचार पर EOW का बड़ा एक्शन : करोड़ों की अवैध संपत्ति मामले में पूर्व बीज प्रबंधक गिरफ्तार

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 17 जुलाई । आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने आय से अधिक संपत्ति मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के सेवानिवृत्त बीज प्रबंधक राजेन्द्र सिंह क्षत्रीय को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि उन्होंने अपनी ज्ञात एवं वैध आय की तुलना में ₹5.28 करोड़ अधिक खर्च किया, जो उनकी कुल आय से 87.96 प्रतिशत अधिक है।

EOW/ACB रायपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 15/2020 के तहत हुई जांच में पता चला कि आरोपी ने जांच अवधि के दौरान ₹6,00,47,497.77 की वैध आय अर्जित की, जबकि इसी अवधि में ₹11,28,67,045.50 का व्यय किया। इस प्रकार उनके द्वारा ₹5,28,19,547.73 की आय से अधिक संपत्ति और खर्च का मामला सामने आया।

जांच के दौरान जुटाए गए दस्तावेजी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत पर्याप्त साक्ष्य पाए गए। इसके बाद 17 जुलाई 2026 को उन्हें गिरफ्तार कर विशेष न्यायालय, बैकुण्ठपुर (जिला कोरिया) में पेश किया गया।

विशेष न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजते हुए जिला जेल बैकुण्ठपुर दाखिल करने का आदेश दिया, जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। EOW-ACB का कहना है कि मामले में जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Chhattisgarh