रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 21 जुलाई । छत्तीसगढ़ के रायपुर नगर निगम मुख्यालय के सामने उद्यान परिसर में लाइसेंस फीस का बकाया भुगतान नहीं करने पर 14 दुकानों को सील कर दिया गया है। यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला और कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश और निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर की गई।
निगम के अनुसार, निगम मुख्यालय भवन के सामने स्थित उद्यान परिसर में गणपति इंफ्रा को 5 साल के लिए 14 दुकानों के संचालन का लाइसेंस दिया गया था। यह लाइसेंस अगस्त 2026 में समाप्त होने वाला है। लेकिन संबंधित एजेंसी की ओर से नियमानुसार लाइसेंस फीस का बकाया भुगतान नहीं किया जा रहा था।
बकाया राशि जमा नहीं होने पर निगम ने टीम प्रहरी अभियान के तहत कार्रवाई की। इस दौरान उपायुक्त उद्यान जागृति साहू के मार्गदर्शन और उप अभियंता उद्यान रुचिका मिश्रा की मौजूदगी में दुकानों को सीलबंद किया गया।

इस कार्रवाई के दौरान नगर निगम उद्यान विभाग, नगर निवेश उड़नदस्ता टीम और पुलिस बल मौजूद रहा। निगम अधिकारियों ने बताया कि बकाया भुगतान और नियमों के उल्लंघन के मामलों में आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

