धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कांग्रेस का हमला : दीपक बैज बोले- छात्रों के दबाव में झुकी सरकार

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कांग्रेस का हमला : दीपक बैज बोले- छात्रों के दबाव में झुकी सरकार

रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 25 जुलाई । केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नैतिकता के आधार पर नहीं, बल्कि मजबूरी में लिया गया फैसला है।

दीपक बैज ने कहा कि शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर से लेकर देश के छोटे-बड़े शहरों तक लगातार छात्र और युवा प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन केंद्र सरकार ने उनकी मांगों पर कोई संवाद नहीं किया। इसके उलट प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं पर लाठीचार्ज किया गया।

पीसीसी अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने छात्रों की आवाज सुनने के बजाय दमनात्मक रवैया अपनाया। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा इसलिए लिया गया क्योंकि इस मुद्दे से प्रधानमंत्री की कुर्सी पर संकट खड़ा हो गया था।

बैज ने दावा किया कि प्रधानमंत्री ने अपनी सरकार और कुर्सी बचाने के लिए धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा मांगा है। उन्होंने कहा कि यह फैसला सरकार की नैतिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि बढ़ते जनदबाव का परिणाम है।

Chhattisgarh