बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ़) 25 जुलाई । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के नेहरू नगर गणेश चौक स्थित हाउसिंग बोर्ड की महिला सब इंजीनियर के सूने घर में चोरी हो गई। चोर घर के पीछे लगा विंडो एसी हटाकर अंदर घुसे और अलमारी व लॉकर में रखे जेवर, नकदी व अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नेहरू नगर निवासी रजनीश सेठ अपनी पत्नी और परिवार के साथ 18 जुलाई से ऋषिकेश गए हुए हैं। उनकी पत्नी हाउसिंग बोर्ड में सब इंजीनियर हैं। घर की सुरक्षा के लिए रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक सुरक्षा गार्ड रखा गया था। गुरुवार रात गार्ड ड्यूटी पर पहुंचा तो घर के पीछे लगा विंडो एसी अपनी जगह से निकला मिला। उसने रजनीश सेठ को सूचना दी।
इसके बाद रायपुर से उनके बेटे और एक परिचित ने घर पहुंचकर देखा तो पता चला कि एसी हटाकर घर में घुसा और चाबी से अलमारी व लॉकर खोलकर सामान चोरी कर ले गया। परिवार के बिलासपुर लौटने के बाद चोरी गए सामान की सूची और वास्तविक कीमत का आकलन किया जाएगा।
रजनीश सेठ ने बताया कि अलमारी में करीब 2.35 लाख रुपए नकद, 20 तोला सोने के आभूषण तथा तीन पैतृक कस्तूरी मृग, करीब 50 साल पुराने डायमंड सॉलिसिटर, फाइन पीस यलो और ब्लू स्टोन सहित अन्य कीमती स्टोन और नग रखे थे। उनके अनुसार इनकी कीमत 5 करोड़ रुपए से अधिक है। चोरी की सूचना मिलने के बाद रजनीश सेठ और उनकी पत्नी ऋषिकेश से बिलासपुर के लिए रवाना हो गए हैं।

