रायगढ़(अमर छत्तीसगढ़) 25 जुलाई । जिले की तमनार पुलिस ने वाहन खरीदी-बिक्री और जमीन दलाली की आड़ में करोड़ों की ठगी करने के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। इसके माध्यम से एक बड़े आर्थिक अपराध का खुलासा किया गया है।
शुरुआती जांच में आरोपी द्वारा 10 से 15 लोगों से एक करोड़ 10 लाख से अधिक की धोखाधड़ी करने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ठगी की रकम से खरीदी गई करीब 20 लाख कीमत की एक स्कॉर्पियो और एक बोलेरो भी जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, रायगढ़ निवासी सद्दाम हुसैन और उनके साथी सुरेश मानिकपुरी ने थाना तमनार में शिकायत दर्ज कराई थी कि, ग्राम पड़िगांव निवासी कृष्ण कुमार साहू ने वाहन कारोबार में निवेश और मुनाफे का झांसा देकर उनसे लगातार रकम ली। बाद में पैसा लौटाने के नाम पर अपनी जमीन बेचने की बात कही और उसी आधार पर और राशि ले ली।
पूछताछ के दौरान आरोपी कृष्ण कुमार साहू ने धोखाधड़ी की बात स्वीकार कर ली। उसके निशानदेही के आधार पर पुलिस ने ठगी की रकम से खरीदी गई स्कॉर्पियो और बोलेरो वाहन जब्त किए। आगे की जांच में पुरुषोत्तम सिदार, दिनेश शर्मा, संतोष साहू, मनोज सारथी सहित कई अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की ठगी का खुलासा हुआ। पुलिस का कहना है कि अब तक 10 से 15 पीड़ितों से एक करोड़ 10 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी की पुष्टि हो चुकी है जबकि अन्य लोग भी शिकायत लेकर सामने आ रहे हैं।

