धमतरी पुलिस का बड़ा प्रहार : नशा तस्करों की 35.85 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति फ्रीज, NDPS और SAFEMA के तहत कार्रवाई

धमतरी पुलिस का बड़ा प्रहार : नशा तस्करों की 35.85 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति फ्रीज, NDPS और SAFEMA के तहत कार्रवाई

धमतरी(अमर छत्तीसगढ़) 26 जुलाई । छत्तीसगढ़ की धमतरी पुलिस ने तस्करों के खिलाफ अब केवल गिरफ्तारी तक सीमित न रहकर उनकी अवैध कमाई पर सीधा आर्थिक प्रहार करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में जिले में पहले बार SAFEMA और NDPS Act के तहत नशे के कारोबार से जुड़ी 35.85 लाख रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति को फ्रीज किया गया है।

दरअसल, नगर पुलिस अधीक्षक धमतरी और थाना प्रभारी सिटी कोतवाली द्वारा गहन वित्तीय जांच के बाद आरोपियों की संपत्तियों का खुलासा किया गया। बैंक खातों, फिक्स्ड डिपॉजिट, बीमा योजनाओं, वाहनों और अचल संपत्तियों में अवैध कमाई के निवेश की जानकारी सामने आई।

NDPS Act, 1985 की धारा 68F के तहत संपत्तियों को फ्रीज कर मामले को सक्षम प्राधिकारी SAFEMA/NDPSA मुंबई के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से सबूतों के आधार पर इन संपत्तियों को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित पाया गया।

आरोपी आरती रजक, पत्नी स्व. राम रजक से संबंधित बैंक खातों और निवेशित राशि की जांच में कुल 12,93,636.76 रूपये की संपत्ति फ्रीज की गई। फ्रीज की गई संपत्तियों में बैंक खाता, फिक्स्ड डिपॉजिट और अन्य वित्तीय निवेश शामिल हैं। आरोपी करण सिंह धुरी, उसकी पत्नी उषा बाई धुरी और पुत्री जाइका धुरी से संबंधित बैंक खातों, वाहन और अचल संपत्तियों सहित कुल 22,91,479.75 रूपये की संपत्ति फ्रीज की गई।

इस तरह दोनों मामलों में नशे के अवैध कारोबार से संबंधित आरोपियों की कुल 35,85,116.51 रूपए की चल-अचल संपत्ति फ्रीज की गई है। सक्षम प्राधिकारी की ओर से सबूतों और अभिलेखों के आधार पर यह पाया गया कि संबंधित संपत्तियां अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और उससे अर्जित आय से जुड़ी हुई हैं।

नशे का कारोबार करने वालों पर अब केवल गिरफ्तारी नहीं, बल्कि उनकी अवैध कमाई और संपत्तियों पर भी सीधा आर्थिक प्रहार किया जाएगा। नशे के विरुद्ध धमतरी पुलिस का अभियान लगातार जारी है।

आम नागरिकों से अपील है कि मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन, संग्रहण अथवा अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। नशे के खिलाफ धमतरी पुलिस की मुहिम – अपराध भी रोकेंगे, अवैध कमाई पर भी प्रहार करेंगे।

Chhattisgarh