रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 27 जुलाई । सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ताजा मामला मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रमुख सचिव एवं आईएएस अधिकारी सुबोध सिंह से जुड़ा है। शातिर साइबर ठग ने उनके नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर लोगों से पैसे मांगने की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार, ठग ने सोमवार को फेसबुक पर आईएएस सुबोध सिंह के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाई। बताया जा रहा है कि महज दो घंटे के भीतर इस फर्जी आईडी से 58 लोगों को फ्रेंड बनाया गया। इसके बाद परिचितों को मैसेज भेजकर पैसों की मांग की जाने लगी। मामले की जानकारी मिलते ही आईएएस सुबोध सिंह ने तत्काल इसकी शिकायत पुलिस से की।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फर्जी आईडी किसने बनाई और उसके जरिए कितने लोगों से संपर्क किया गया।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी सोशल मीडिया प्रोफाइल से पैसे मांगने का संदेश मिलने पर पहले संबंधित व्यक्ति से फोन या अन्य माध्यम से पुष्टि करें। बिना सत्यापन के किसी भी खाते में पैसे ट्रांसफर न करें।
साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया पर बढ़ते फर्जी प्रोफाइल और ऑनलाइन ठगी के मामलों को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल साइबर पुलिस या स्थानीय थाने को दें।

