सुकमा पुलिस का बड़ा एक्शन : 1.27 करोड़ का 223 किलो गांजा जब्त, फर्जी नंबर प्लेट वाली क्रेटा से 3 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

सुकमा पुलिस का बड़ा एक्शन : 1.27 करोड़ का 223 किलो गांजा जब्त, फर्जी नंबर प्लेट वाली क्रेटा से 3 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

सुकमा(अमर छत्तीसगढ़) 28 जुलाई । सुकमा पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 223.020 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही क्रेटा कार, तीन मोबाइल फोन, नकद राशि और अन्य दस्तावेज भी बरामद किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत ₹1.27 करोड़ से अधिक बताई गई है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर (आईपीएस) के निर्देशन में थाना कोंटा पुलिस ने योजनाबद्ध नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी लेने पर वाहन से 110 पैकेटों में भरा 223.020 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के मलकानगिरी से गांजा खरीदकर राजस्थान में अधिक कीमत पर बेचने के उद्देश्य से तस्करी कर रहे थे।

जांच में यह भी सामने आया कि पुलिस की नजर से बचने के लिए आरोपी वाहन में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर परिवहन कर रहे थे। हालांकि थाना कोंटा पुलिस की सतर्कता के चलते उनकी योजना विफल हो गई और तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक क्रेटा कार, तीन मोबाइल फोन, नकद राशि तथा अन्य दस्तावेज भी जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य ₹1,27,26,600 आंका गया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

सुकमा पुलिस अब इस अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके।

Chhattisgarh