बालोद(अमर छत्तीसगढ़) 5 अगस्त । जिले के ग्राम अंगारी में अवैध लकड़ी के कारोबार के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरपंच पति के ठिकाने पर छापेमारी की। वन विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में सागौन और खम्हार की लकड़ी, लकड़ी से बने फर्नीचर तथा एक मेटाडोर वाहन जब्त किया। जब्त सामग्री को सुरक्षित रूप से वन विभाग के डिवीजन कार्यालय स्थित रेस्ट हाउस परिसर में रखा गया है।
संयुक्त टीम ने ग्राम अंगारी निवासी अश्विनी डड़सेना के परिसर में दबिश दी। तलाशी के दौरान सागौन की लकड़ी से तैयार फर्नीचर, टीवी यूनिट का फ्रेम, चिरान किए गए लकड़ी के पल्ले, ताजा कटी हुई सागौन की लकड़ी और खम्हार की लकड़ी से बने विभिन्न सामान बरामद किए गए। मौके से एक मेटाडोर वाहन भी जब्त किया गया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जब्त लकड़ी की गिनती और माप का कार्य जारी है। अंतिम सत्यापन के बाद ही जब्त सामग्री की वास्तविक मात्रा और उसकी अनुमानित कीमत का आकलन किया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद वन अधिनियम और अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार जिस परिसर में कार्रवाई की गई, वह ग्राम अंगारी की वर्तमान सरपंच के पति अश्विनी डड़सेना से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि अश्विनी डड़सेना का नाम पहले भी कई मामलों में सामने आ चुका है। जानकारी के मुताबिक वे धोखाधड़ी सहित अन्य मामलों में जेल जा चुके हैं। इसके अलावा एक राजनीतिक दल के नेता की कार में आगजनी से जुड़े मामले में भी उन्हें न्यायिक प्रक्रिया का सामना करना पड़ा था। उनकी पत्नी भी इसी प्रकरण में न्यायिक अभिरक्षा में रह चुकी हैं।
वन विभाग का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अंतिम सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

