लोरमी में भारी बारिश से प्रशासन अलर्ट : बाढ़-जलभराव वाले इलाकों का देर रात तक निरीक्षण, प्रभावित परिवार सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट

लोरमी में भारी बारिश से प्रशासन अलर्ट : बाढ़-जलभराव वाले इलाकों का देर रात तक निरीक्षण, प्रभावित परिवार सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट

लोरमी(अमर छत्तीसगढ़) 10 अगस्त । मुंगेली जिले के लोरमी वनांचल में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारियों ने देर रात तक संभावित बाढ़ और जलभराव वाले क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। प्रभावित इलाकों में राहत, सुरक्षा और जल निकासी की व्यवस्था की जा रही है।

लोरमी एसडीएम ने नगर के अलग-अलग जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रभावित लोगों से बातचीत कर उन्हें सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की समझाइश दी गई। प्रशासन के मुताबिक फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। भारी बारिश को देखते हुए कारिडोंगरी पुल पर सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई है।

प्रशासन ने लोगों से पुल के आसपास अनावश्यक आवागमन नहीं करने की अपील की है। वहीं मुंगेली के बुधवारी बाजार से रामगढ़ जाने वाले मार्ग की पुलिया के ऊपर पानी बहने की सूचना के बाद वहां भी तत्काल बैरिकेडिंग कर दी गई।

एसडीएम अजय शतरंज ने मौके पर पहुंचकर हालात का निरीक्षण किया। इसी तरह अचानकमार-मनियारी नदी के पुल पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। सावन माह में इस मार्ग से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवड़ यात्री गुजरते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है।

लोरमी के विभा मसीह रोड स्थित आवासीय क्षेत्र में जलभराव की सूचना मिलने पर प्रशासन ने तत्काल राहत कार्य शुरू कराया। यहां मड मशीन के जरिए जमा पानी बाहर निकालने का काम किया जा रहा है। वहीं भारी बारिश से प्रभावित परिवारों को परसहापारा से बिजराकछार के सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया है। प्रभावित परिवारों के लिए रात में भोजन, स्वास्थ्य जांच और सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी, नाले, पुल-पुलिया और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास जाने से बचें। जिन स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है, वहां से आगे न जाएं और प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। प्रशासन का कहना है कि बारिश की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव के इंतजाम बढ़ाए जाएंगे।

Chhattisgarh