राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 8 अक्टूबर । राजनांदगांव की राह तीरंदाजी अकादमी, पुलिस लाइन के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन का सिलसिला जारी रखते हुए एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। अकादमी के होनहार तीरंदाज प्रियांश भार्गव ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पदक हासिल कर बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। खास बात यह है कि महज 10 दिन पहले ही अकादमी की प्रतिभाशाली तीरंदाज सृष्टि चौरसिया ने सीबीएसई नेशनल गेम्स में रजत पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई थी।
अकादमी को आईबी ग्रुप द्वारा समय-समय पर मिलने वाला सहयोग भी खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण रहा है। पुलिस विभाग की देखरेख, सहयोग एवं मार्गदर्शन तथा सहयोगी संस्थाओं के समर्थन से अकादमी में खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण और अभ्यास का अवसर मिल रहा है।
10 दिन के भीतर दो राष्ट्रीय पदक—सृष्टि चौरसिया का रजत और अब प्रियांश भार्गव का राष्ट्रीय पदक—राह आर्चरी अकादमी, पुलिस लाइन की बढ़ती उपलब्धियों और यहां तैयार हो रही राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतिभाओं का प्रमाण है। यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग, कोच अजेंद्र कुमार तांडेकर के समर्पण, स्वर्गीय अभिलेख अग्रहरी वेलफेयर फाउंडेशन के सहयोग तथा राजनांदगांव पुलिस विभाग के निरंतर मार्गदर्शन को समर्पित है।

