रायपुर (अमर छत्तीसगढ़) 9 नवंबर।
आज 9 नवम्बर सोमवार को भगवान महावीर स्वामी के मोक्ष कल्याणक एवं चातुर्मास निष्ठापन महोत्सव पर श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में हुए विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान
आज 24वें तीर्थंकर वर्तमान शासन नायक भगवान महावीर स्वामी के मोक्ष कल्याणक महोत्सव के पावन अवसर पर समयोपदेश वर्षायोग 2026 चतुर्मास स्थल श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर, मालवीय रोड, रायपुर में धार्मिक अनुष्ठान अत्यंत भक्तिभाव एवं उल्लास के साथ संपन्न हुए।
वर्षायोग समिति के अध्यक्ष श्री नरेन्द्र जैन गुरुकृपा,एवं श्री भरत जैन भोरावत ने बताया कि प्रातःकाल की बेला में सर्वप्रथम श्रावकों को स्वर्ण कलशों के माध्यम से प्रथम चार इंद्र बनकर श्रीजी का प्रथम अभिषेक करने का परम सौभाग्य प्राप्त हुआ। यह सौभाग्य श्री मनीष कुमार जैन, श्री निसर्ग जैन, श्री दक्ष जैन (चूड़ीवाला परिवार), श्री श्रवण जैन, श्रीमती ऊषा जैन (चिरमिरी वाले), श्री उमंग जैन, श्री प्रवीण कुमार जैन (मामा जी, जैनम ज्वेलर्स) तथा श्री अशोक जैन, श्री राज जैन एवं श्री नमन जैन को मिला।
इसके पश्चात समस्त विश्व में सुख, शांति और समृद्धि की कामना के साथ रिद्धि-सिद्धि प्रदाता शांतिधारा की गई। आज की शांतिधारा करने का सौभाग्य श्री अर्पित जैन (बाहुबली बोरवेल) एवं श्री मनीष जैन, श्री निसर्ग जैन, श्री दक्ष जैन (चूड़ीवाला परिवार) को प्राप्त हुआ।
भगवान महावीर स्वामी के मोक्ष कल्याणक के पावन अवसर पर मोक्ष लक्ष्मी की प्राप्ति के प्रतीक स्वरूप निर्वाण लाडू समर्पित किया गया। श्रीजी के समक्ष निर्वाण लाडू चढ़ाने का सौभाग्य श्री भरत जैन, श्री हर्षवर्धन जैन एवं श्री प्रिंस जैन (भोरावत परिवार एवं बाबूलाल टॉकीज परिवार) को प्राप्त हुआ। इसके अतिरिक्त श्रीजी की आरती एवं फूलमाला समर्पित करने का सौभाग्य श्रीमती कल्पना जैन, श्री अर्पण जैन एवं श्री अखिल जैन को मिला।

इसके साथ ही, वर्षायोग के दौरान कलश स्थापना करने वाले सभी पुण्यशाली सदस्यों को चातुर्मास निष्ठापन के उपरांत आज मंगल कलश सहर्ष प्रदान किए गए।
धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला में मुनि संघ की नवधा भक्तिपूर्वक आहारचर्या संपन्न कराई गई:
आहारचर्या कराने का सौभाग्य श्रीमती ज्योति अनुराग जैन ,श्रीमती बेबी जैन एवं श्रीमती पुष्पादेवी बंशीलाल जैन को मंदिर जी कार्यालय के सामने वालों को प्राप्त हुआ।
धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि श्री पुनीत सागर जी महाराज ने अपनी मंगल देशना में भगवान महावीर के मोक्ष कल्याणक का महात्म्य बताते हुए कहा कि दीपावली के पावन दिन प्रातःकाल भगवान महावीर स्वामी अनंत गुणों के साथ सिद्धालय में विराजमान होकर मोक्ष पधारे। मोक्ष जाने पर उनका समस्त शरीर और मोह का बंधन छूट गया और वे निर्मोही हो गए। इस पावन अवसर पर स्वर्ग से देवगण नीचे आए, उन्होंने दीप जलाकर प्रतीकात्मक पुतला बनाकर उत्सव मनाया और दीपावली का यह महापर्व प्रारंभ हुआ।
मुनि श्री आगम सागर जी महाराज ने अपनी देशना में कहा कि परम पूज्य गुरुदेव ने रायपुर के श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर को भव्य तीर्थ क्षेत्र के रूप में विकसित करने का आशीर्वाद दिया था, और उसी पावन कार्य को आगे बढ़ाने के लिए वर्तमानाचार्य जी ने हमें यहाँ भेजा है।

जब कोई मनुष्य मंदिर निर्माण और भगवान की प्रतिमा विराजमान करने का भाव मात्र बनाता है, तो वह पुण्य उसके निर्वाण तक साथ देता है। जब मात्र सोचने से इतना महान पुण्य संचित होता है, तो प्रत्यक्ष कार्य करने और सम्यक भाव रखने से कितना महान पुण्य प्राप्त होगा। उन्होंने घोषणा की कि बड़ा मंदिर के पुनर्निर्माण और इसे तीर्थ क्षेत्र का स्वरूप देने का कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा और उस गौरवशाली पल में हम सभी उपस्थित रहेंगे।
मुनि श्री ने चतुर्मास कमेटी, मंदिर जी पंचायत ट्रस्ट कमेटी एवं कार्यकारिणी पदाधिकारियों के समर्पित कार्यों की सराहना की तथा समाजजन से तन, मन और धन से निरंतर सहयोग देने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने आचार्य श्री के समाधि स्थल डोंगरगढ़ स्थित चंद्रगिरि तीर्थ पर बन रहे भव्य समाधि स्थल हेतु अधिक से अधिक सहयोग देने की प्रेरणा दी।
एलक श्री धैर्य सागर जी महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि वही बंधन श्रेष्ठ है जो जीव को वास्तविक स्वतंत्रता अर्थात् मोक्ष की ओर ले जाए। इसके साथ ही उन्होंने चतुर्मास के अंतिम दिन निष्ठापन से जुड़ी महत्वपूर्ण गूढ़ बातों का विस्तृत वर्णन किया।

इस अवसर पर मुनि श्री ससंघ ने समस्त चातुर्मास कमेटी, मंदिर जी पंचायत ट्रस्ट, कार्यकारिणी पदाधिकारियों एवं सकल जैन समाज रायपुर को इस सफल आयोजन हेतु हार्दिक बधाई भी दी।
आज के इस पावन आयोजन में बड़ी संख्या में सकल जैन समाज के श्रद्धालु उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त किए।

