राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 22 नवम्बर । ” जीव एक-दूसरे के प्रति कृतज्ञ हैं। यह तो चारों पायों की व्यवस्था की तरह हैं। हम परस्पर एक-दूसरे के प्रति कृतज्ञ हैं।” उक्त उदगार खरतर गच्छाधिपति मणिप्रभ सागर जी के सुशिष्य समयप्रभ सागर जी ने व्यक्त किए।
मीडिया प्रभारी विमल हाजरा ने बताया कि ज्ञान वल्लभ उपाश्रय भवन में चल रहे चातुर्मासिक प्रवचन के अंतिम दिवस समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुनि श्री समयप्रभ सागर जी ने कहा कि संसार में यदि तनाव के बिना जीना है तो अपने द्वारा किये गये श्रेष्ठ कार्य का श्रेय दूसरों को दे दो। इससे आप में अहंकार नहीं आएगा और आप बिना तनाव के जी पाएंगे ।
उन्होंने कहा कि सहयोग ही हमारा मुख्य उद्देश्य होना चाहिए। वास्तविक में सभी जीव हम एक परिवार हैं। समर्पण का भाव हो तभी टीम तैयार हो सकती है। उन्होंने चातुर्मास को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने पर श्री जैन श्वेतांबर ट्रस्ट समिति, चातुर्मास व्यवस्था समिति एवं प्रेस को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि प्रेस ही है जिन्होंने हमारी भावनाओं को जन-जन तक पहुंचाया।

मुनि श्री समयप्रभ सागर जी ने कहा कि आप आराधना से वंचित न रहें। जिन्हें भी जो कार्य सौपा गया है वह करें और पूरी टीम भावना के साथ करें। सभी जीव के प्रति आपके भाव बने रहे। यह मेरी कामना है कि हम हमेशा खुले और परिवर्तन की मानसिकता के साथ आगे बढ़े।
वीराधाना से हम अपने आप को बचाते चलें और सदैव प्रेम व्यवहार बना रहे। समापन समारोह को मुनि श्री श्रेयांशप्रभ जी ने भी संबोधित किया। उन्होंने मुनि मोक्षप्रभ जी और मौलिकप्रभ जी का भी जिक्र करते हुए कहा कि उनकी आराधना में मोक्षप्रभ जी एवं मौलिकप्रभ जी का भी विशेष सहयोग रहा है।
समारोह का संचालन करते हुए चातुर्मास व्यवस्था समिति के व्यवस्थापक रितेश लोढ़ा ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए अपने विचार व्यक्त करने के लिए समिति से जुड़े पदाधिकारियों एवं जैन समाज के सदस्यों को आमंत्रित किया।
श्री पार्श्वनाथ जैन मंदिर ट्रस्ट समिति के ट्रस्टी रोशन गोलछा ने कहा कि उन्होंने चातुर्मास के दौरान गुरु की सेवा क्या होती है,इसका प्रत्यक्ष नजरा देखा कि कैसे मुनि समयप्रभ एवं मुनि मौलिकप्रभ जी सुबह से ही वैयोवृद्ध मुनि मोक्षप्रभ जी को एक बच्चे की तरह सजाकर रखते थे।
श्री पार्श्वनाथ जैन मंदिर ट्रस्ट समिति के मैनेजिंग ट्रस्टी अजय सिंगी ने कहा कि संघ की ओर से साधना और सादगी का संगम इस चातुर्मास के दौरान देखने को मिला। उन्होंने चातुर्मास को सफल बनाने के लिए समस्त सहयोगियों का, खासकर चातुर्मास व्यवस्था समिति के प्रभारी पियूष बैद और उनकी टीम को धन्यवाद ज्ञापित किया।
इनका हुआ सम्मान
चातुर्मास के दौरान मुनि वृंद के स्वास्थ्य का ख्याल रखने तथा अन्य विशेष सहयोग के लिए डॉ चिन्मय डाकलिया एवं डॉ योगेश सोनी का तथा मीडिया का प्रभार देखने के लिए विमल हाजरा को चातुर्मास समिति एवं पार्श्वनाथ जैन मंदिर ट्रस्ट समिति द्वारा सम्मानित किया गया।

