पीडीएस में गड़बड़ी : अंगूठा लगवाकर हड़प लेते थे राशन, जनपद उपाध्यक्ष की पत्नी समेत 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

पीडीएस में गड़बड़ी : अंगूठा लगवाकर हड़प लेते थे राशन, जनपद उपाध्यक्ष की पत्नी समेत 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

बलरामपुर(अमर छत्तीसगढ़) 12 अप्रैल। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर जनपद में PDS के तहत आवंटित चावल के वितरण में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। सरगुजा कमिश्नर के निर्देश पर खाद्य विभाग द्वारा की गई जांच के बाद जनपद उपाध्यक्ष पवन जायसवाल की पत्नी (सचिव) सीमा जायसवाल सहित पांच लोगों के खिलाफ FIR दर्ज किया गया है।

दरसअल, ग्राम पंचायत बेबदी में पदस्थ पंचायत सचिव सीमा जायसवाल पर आरोप है कि उन्होंने हितग्राहियों से अंगूठा लगवाकर PDS का चावल गबन कर लिया। इस गबन में पूर्व सरपंच जगमति, पूर्व सरपंच पति जीतलाल, सहायक विक्रेता संतोष पण्डो और तौलक कन्हैया लाल भी शामिल हैं। वहीं लोगों का कहना है कि, यह गड़बड़ी लंबे समय से की जा रही थी। ग्रामीणों की शिकायतों के आधार पर उच्च स्तरीय जांच शुरू हुई, जिसमें गड़बड़ी पायी गई।

सरगुजा कमिश्नर ने दिए FIR दर्ज करवाने के निर्देश

इस पूरे मामले के उजागर होने के बाद सरगुजा संभाग कमिश्नर ने खाद्य विभाग को एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। इसके बाद रघुनाथनगर थाना में सीमा जायसवाल सहित 5 आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

जनपद उपाध्यक्ष की पत्नी पहले भी जा चुकी हैं जेल

जनपद उपाध्यक्ष की पत्नी सीमा जायसवाल पूर्व में भी एक गबन के मामले में जेल जा चुकी हैं। इसके बावजूद वे पंचायत सचिव के पद पर बनी रहीं। अब ताजा खुलासे के बाद ग्राम पंचायत बेबदी समेत आसपास के ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से जरूरतमंदों का हक मारा जा रहा था, और अब जब सच्चाई सामने आई है।

पांच लोगों पर मामला दर्ज, फरार आरोपियों की तलाश जारी

इस मामले में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी राम अवतार ध्रुव ने बताया कि खाद्य विभाग के शिकायत के आधार पर पांच लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।

Chhattisgarh