रायपुर(अमर छत्तीसगढ़) 27 मई। छत्तीसगढ़ में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने में आ रही समस्या को लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता कन्हैया अग्रवाल और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रायपुर के बीरगांव स्थित आरटीओ कार्यालय का घेराव किया।
कांग्रेसियों ने हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने की समय सीमा बढ़ाने और अभी चालानी कार्रवाई नहीं करने की मांग की है। मांगें पूरी नहीं होने पर सीएम हाउस का घेराव करने की चेतावनी दी है।
कांग्रेस नेता कन्हैया अग्रवाल ने आरोप लगाया है कि नंबर प्लेट नया लगाने में ही लंबा समय लग रहा है। इस बीच लोगों पर चलानी कार्रवाई भी की जा रही है, जो जनता के साथ अन्याय है। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार में लगातार आम जनमानस को परेशान करने का काम किया जा रहा है।
आम जनता के पैसों को बिल्कुल भी लूटने नहीं दिया जाएगा, कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता के साथ खड़ी है। उन्होंने नए नंबर प्लेट लगाने के पीछे बड़े घोटाले की आशंका जताई है। उन्होंने नंबर प्लेट लगाने के लिए अतिरिक्त पैसे वसूलने की बात कही है।
अपॉइंटमेंट मिलने के बाद भी नंबर प्लेट लगाने कई घंटों इंतजार कराया जाता है, फिर गलत नंबर का स्टीकर भी लगा दिया जाता है। इसके चलते कई बार चालान पटाना पड़ा है। कांग्रेस ने हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने की समय सीमा बढ़ाने के साथ ही नंबर प्लेट जिनके नहीं लग पाए है उनसे चालान की कार्रवाई न करने की मांग की है। मांगें पूरी नहीं होने पर सीएम हाउस का घेराव करने की चेतावनी दी है।