पूना महाराष्ट्र (अमर छत्तीसगढ़) । ,30 जून। मरूधरा मणि महासाध्वी जैनमतिजी म.सा. की सुशिष्या सरलमना जिनशासन प्रभाविका वात्सल्यमूर्ति इन्दुप्रभाजी म.सा.,रोचक व्याख्यानी प्रबुद्ध चिन्तिका डॉ. दर्शनप्रभाजी म.सा., तत्वचिन्तिका आगम रसिका डॉ. समीक्षाप्रभाजी म.सा.,सेवाभावी दीप्तिप्रभाजी म.सा. विद्याभिलाषी हिरलप्रभाजी म.सा. आदि ठाणा कात्रज दत्त नगर आनंद दरबार श्रीसंघ के तत्वावधान में होेने वाले आगामी चातुर्मास के लिए 4 जुलाई को सुबह 8.15 बजे मंगलप्रवेश करेंगे।
इस अवसर पर सांस्कृतिक हॉल का उद्घाटन समारोह भी होगा। संयम साधना जीवन के करीब 44 वर्ष पूर्ण कर चुके महासाध्वी इन्दुप्रभाजी म.सा. का पूना में होने वाला चातुर्मास महाराष्ट्र क्षेत्र में पहला चातुर्मास होगा। इसके लिए श्रीसंघ के अध्यक्ष बालासाहेब धोका के नेतृत्व में व्यापक तैयारियां की गई है। पिछला सफल चातुर्मास सूरत के गोड़ादरा श्रीसंघ के तत्वावधान में करने के बाद महासाध्वी मण्डल धर्मनगरी पूना महानगर पहुंचने के बाद इन दिनों वहां के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंच धर्म संदेश प्रदान कर रहे है ओर श्रावक-श्राविकाओं को अधिकाधिक तप त्याग एवं धर्म साधना करने के लिए प्रेरित कर रहे है।
पूना महानगर में विहार यात्रा के तहत 30 जून को महासाध्वी मण्डल वडगांव घायारी स्थानक पहुंचे। यहां कई श्रावक-श्राविकाएं साध्वी मण्डल के दर्शन लाभ पाने के लिए पहुंचे। महासाध्वी मण्डल एक ओर दो जुलाई को भी यहीं विराजित रहेगे इस दौरान सुबह 9 से 10 बजे तक प्रवचन होंगे। श्रीसंघ के सभी सदस्य वात्सल्यमूर्ति इन्दुप्रभाजी म.सा. आदि ठाणा 5 के आगामी चातुर्मास को एतिहासिक रूप से सफल बनाने के लक्ष्य से समर्पित भाव से सेवाएं दे रहे है। चातुर्मासिक मंगल प्रवेश कार्यक्रम में पूना व आसपास के क्षेत्रों के अलावा देश के विभिन्न क्षेत्रों से भी श्रीसंघों के प्रतिनिधि व श्रावक-श्राविकाएं पहुंचेंगे।
चातुर्मास में प्रवाहित होगी तप त्याग, स्वाध्याय व साधना की अविरल धारा
महासाध्वी इन्दुप्रभाजी म.सा. आदि ठाणा का चातुर्मास धर्म साधना की दृष्टि से एतिहासिक बने इसके लिए चातुर्मास काल में तप त्याग, स्वाध्याय व साधना की अविरल धारा प्रवाहित होगी। चातुर्मास अवधि में तप-त्याग की प्रेरणा देने वाले विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा। चातुर्मासकाल में प्रतिदिन (रविवार को छोड़) सूर्योदय के समय प्रार्थना के बाद सुबह 8.45 से 9.45 बजे तक प्रवचन होंगे। रविवार दोपहर 3 से 5 बजे तक प्रवचन का आयोजन होगा। इसके बाद प्रवचन में आने वालों के लिए भोजन होगा ओर सभी को सांयकालीन प्रतिक्रमण करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
प्रस्तुतिः अरिहन्त मीडिया एंड कम्युनिकेशन,भीलवाड़ा

