रायपुर(अमर छत्तीसगढ) ,5 जुलाई 2025- भारतीय चार्टर्ड एकाउंटेंट्स संस्थान ( आईसीएआई) की वित्तीय बाजार एवं निवेशक संरक्षण समिति द्वारा, सी आई आर सी की रायपुर शाखा के तत्वावधान में समृद्धि – एक दिवसीय सम्मेलन का सफल आयोजन 5 जुलाई 2025 (शनिवार) को बेबीलॉन इंटरनेशनल, वी आई पी रोड, रायपुर (छ.ग.) में किया गया।
इस सम्मेलन का उद्देश्य पूंजी बाजार की जानकारी, निवेश जागरूकता और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय वित्त मंत्री छत्तीसगढ़ शासन ओ.पी. चौधरी के करकमलों द्वारा हुआ। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपना निवेश एक ऋण लेकर शुरू किया था और तकनीकी व मौलिक विश्लेषण के आधार पर 15 गुना रिटर्न अर्जित किया।
उन्होंने कहा कि आई सी ए आई को हर गाँव में निवेश जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना चाहिए और उन्होंने इस कार्य में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था में समृद्धि लाकर बेहतर संपत्ति निर्माण संभव होगा।
प्रख्यात निवेशक मधुसूदन केला ने सुझाव दिया कि छत्तीसगढ़ में 50 कंपनियों की पहचान कर आई पी ओ के लिए तैयार किया जाए जिससे राज्य की ब्रांड पहचान बने। साथ ही उन्होंने कहा धैर्य ही दीर्घकालिक संपत्ति निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कुंजी है।
कार्यक्रम संयोजक एवं सिकासा चेयरमैन सीए ऋषिकेश यादव ने घोषणा की कि हम सरगुजा, बलरामपुर और बस्तर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में स्टॉक मार्केट प्रशिक्षण एवं निवेश जागरूकता अभियान प्रारंभ करेंगे, ताकि वहाँ के युवाओं को भी वित्तीय आत्मनिर्भरता का अवसर मिले।
कार्यक्रम अध्यक्ष और रायपुर शाखा के चेयरमैन सीए विकास गोलछा ने कहा हम छत्तीसगढ़ में एक फाइनेंशियल अवेयरनेस शॉप की स्थापना करेंगे, जहाँ आम नागरिकों को सरल भाषा में पूंजी बाजार, टैक्स प्लानिंग और निवेश की जानकारी मिलेगी ।
उन्होंने सम्मेलन में उपस्थित सभी सदस्यों को विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में आईसीएआई की भूमिका के बारे में अवगत कराया। उन्होंने आग्रह किया कि स्थानीय सी ए फर्मों को राज्य की बजट योजना, सरकारी ऑडिट एवं औद्योगिक नीति में शामिल किया जाए और यह भी संकल्प दिलवाया कि छत्तीसगढ़ का हर चार्टर्ड एकाउंटेंट राज्य की नई औद्योगिक नीति के तहत कम से कम एक उद्योग स्थापित करने का प्रयास करेगा।
अन्य तकनीकी सत्र के अंतर्गत विमल परवाल, एसोसिएट डायरेक्टर, चॉइस ग्रुप ने आई पी ओ – फंड रेजिंग पर चर्चा की। आशीष भगतानी, ए वी पी – एम सी एक्स ने डेरिवेटिव्स व जोखिम प्रबंधन पर उपयोगी जानकारी दी।
कैपिटल मार्केट पर पैनल चर्चा का संचालन सी एन बी सी आवाज़ के मैनेजिंग एडिटर अनुज सिंघल द्वारा किया गया। इस चर्चा में बाजार की वर्तमान स्थिति, नियामकीय परिवर्तन और निवेश के नए अवसरों पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सीए रश्मि वर्मा, सीए संस्कार अग्रवाल, सीए शीतल काला, सीए आयुषी गर्ग, सीए गौरव अग्रवाल एवं सीए रुचि तलरेजा ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
समृद्धि सम्मेलन छत्तीसगढ़ के आर्थिक विकास, पूंजी बाजार में जनभागीदारी और युवाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल सिद्ध हुआ है।सुबह 10:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक चले इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, निवेशकों, प्रोफेशनल्स और छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

