जगदलपुर(अमर छत्तीसगढ़) 2 सितंबर। NHM के कर्मचारी पिछले 15 दिनों से नियमितीकरण समेत 10 सूत्रीय मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है। मांग पूरी नहीं होने पर कर्मचारियों ने अपने खून से 100 पत्र लिखकर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और राज्यपाल को भेजा है। जिसमें उन्होंने नियमितीकरण का वादा पूरा करने की मांग की है।
इस पूरे मामले को लेकर NHM कर्मचारियों ने कहा कि, यह कदम उन्होंने मजबूरी में उठाया है। ताकि, सरकार उनकी पीड़ा को समझे। पिछले कई वर्षों से 10 सूत्रीय मांगों को लेकर हम आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी एक भी नहीं सुन रही है।
हमारी सबसे बड़ी मांग नियमितीकरण की है, जो चुनाव के समय में बीजेपी के घोषणा पत्र में शामिल होने के बावजूद अब तक पूरी नहीं हुई है।

वहीं कर्मचारियों का कहना है कि, स्थायी नियुक्ति ना मिलने से उनका भविष्य असुरक्षित है और हमारा पूरा परिवार आर्थिक संकट में जीने को मजबूर है। ऐसे में एनएचएम कर्मचारियों का यह विरोध अब भावनात्मक रूप ले चुका है। उनका कहना है कि, जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक हम अपनी हड़ताल जारी रखेंगे।

