जशपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी : हरियाणा से बिहार जा रही 22 लाख की शराब जब्त, दो आरोपी भी गिरफ्तार

जशपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी : हरियाणा से बिहार जा रही 22 लाख की शराब जब्त, दो आरोपी भी गिरफ्तार

जशपुर(अमर छत्तीसगढ) 8 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में ‘ऑपरेशन आघात’ अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नेशनल हाइवे-43 पर आगडीह के पास एक ट्रक से अवैध अंग्रेजी शराब का जखीरा पकड़ने में सफलता प्राप्त की है।

मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक में 426 कार्टून में भरी 6300 बोतलें (कुल 3825 लीटर) शराब जब्त की गई है, जिसकी बाजार कीमत 22 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।

पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त को भी ज़ब्त कर लिया है। पुलिस ने मौके से पंजाब निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

दरअसल, सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि, एक ट्रक में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब हरियाणा से झारखंड होते हुए बिहार ले जाई जा रही है। सूचना पर एसएसपी के निर्देश पर ग्राम आगडीह के पास नाकाबंदी की गई।

कुछ देर बाद संदिग्ध ट्रक आता दिखा। पुलिस ने रोककर जांच की तो ट्रक की ट्रॉली में भूसी की बोरियों के नीचे छुपाकर रखे गए 426 कार्टून शराब के मिले।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि, जशपुर पुलिस ने अंग्रेजी शराब तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में बड़ी कार्रवाई की है। इसी पैटर्न पर पहले भी तीन ट्रक पकड़े जा चुके हैं। इस गिरोह के तार कई राज्यों से जुड़े हैं, जिनके संबंध में पुलिस के पास कुछ अहम सुराग मिले हैं। बहुत जल्द पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

Chhattisgarh