बिलासपुर में गोलीकांड : दो नकाबपोशों ने की फायरिंग, गोलीबारी में दो लोग हुए घायल

बिलासपुर में गोलीकांड : दो नकाबपोशों ने की फायरिंग, गोलीबारी में दो लोग हुए घायल

बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ) 28 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के मस्तूरी में शाम लगभग 6:00 बजे एक दफ्तर में गोली कांड की घटना को अंजाम दिया गया। गोलीबारी में दो लोग गोली लगने से घायल हो गए हैं। वही हमलावर गोली चलाकर मौके से फरार हो गए। मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र का है।

मस्तूरी में मस्तूरी मुख्य मार्ग पर नहर किनारे तिवारी होटल के सामने ठाकुर ब्रदर्स का ऑफिस है। इस ऑफिस का संचालन टुकेश सिंह तमेंश सिंह करते है। आज शाम को 6:00 बजे ऑफिस के बाहर कुछ लोग कुर्सियां लगा कर बैठे थे। इसी दौरान दो नकाबपोश बिना नंबर की बाइक से आए और दनादन तीन-चार गोलियां ऑफिस के बाहर बैठे लोगों पर चला दी।

मिली जानकारी के अनुसार आरोपी मुलमुला की तरफ से आए थे और गोली चलाकर बिलासपुर की तरफ फरार हो गए। गोली लगने से ऑफिस के सामने बैठे चंद्रकांत सिंह और राजू सिंह घायल हो गए। चंद्रकांत सिंह के हाथ में वही राजू सिंह के जांघ में गोली लगी।

घटना के बाद मौके पर खून फैल गया और गोली चलने के बाद खाली खोखे भी गिरे। घायलों को तत्काल बिलासपुर के अपोलो अस्पताल लाया गया। यहां पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह पहुंचे और घटना स्थल पर एडिशनल एसपी ग्रामीण अर्चना झा को तत्काल रवाना किया। पुलिस ने चारों तरफ घेरे बंदी कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Chhattisgarh