बलौदाबाजार(अमर छत्तीसगढ) 29 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के ग्राम अमरा में 150 गायों की मौत की खबर से मंगलवार को पूरा प्रशासनिक अमला हलकान रहा। सोशल मीडिया पर खबर फैलते ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी इस संबंध में पत्र जारी कर बड़ा मामला बताया।
जांच के दौरान ग्राम अमरा में 150 गायों की मौत की खबर पूरी तरह झूठी अफवाह साबित हुई। गांव के आसपास के निवासियों और चरवाहों ने बताया कि कभी-कभी बीमारी या सड़क दुर्घटना के कारण कुछ गायों की मौत हो जाती है, जिन्हें तालाब किनारे दफना दिया जाता है।
ग्राम सचिव ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग से लगे होने के कारण कई बार आवारा गायों की दुर्घटनाओं में मौत हो जाती है। इन्हीं घटनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर गलत तरीके से पेश किया गया।
कलेक्टर दीपक सोनी ने पशु चिकित्सा अधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं पुलिस अधिकारियों की टीम के साथ घटनास्थल पहुंचकर जांच की। टीम ने खेतों और तालाब किनारे निरीक्षण किया, जहां 150 गायों की सामूहिक मौत जैसी कोई स्थिति नहीं मिली। कुछ पुरानी हड्डियां और अवशेष मिले, जिन्हें मौके पर ही जेसीबी से दफनाया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गायों की सुरक्षा और देखरेख पंचायत स्तर पर सुनिश्चित की जा रही है। चारापानी और चरवाहे की व्यवस्था भी पंचायत के जिम्मे है। अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

