राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ) , 29 नवंबर 2025। सरकारी इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय गंजपारा Ignite में आज वार्षिक उत्सव, एलुमिनी मीट एवं विद्यालय की प्रथम वार्षिक मैगज़िन ‘इग्नाइट’ के विमोचन का गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। कार्यक्रम में वरिष्ठ पूर्व छात्र भीखम छाजेड़ (1987), कुशलचंद बैद (1984), डॉ. प्रकाश सदानी, डॉ. राजेश सदानी, गौतम पारख तथा महेन्द्र जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मैगज़िन ‘इग्नाइट’ का विमोचन SMC मेंबर एवं पूर्व छात्र, वार्ड 39 के पार्षद रवि सिन्हा, प्राचार्य श्रीमती सुनीता खरे एवं प्रधान पाठिका श्रीमती राबिया शादाब द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

इस अवसर पर सैनिक विद्यालय में चयनित नुव्यांश साहू, नवोदय विद्यालय में चयनित नैतिक साहू तथा हॉकी खिलाड़ी ख्याति साहू का सम्मान किया गया। साथ ही शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी छात्र सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं जिनमें देशभक्ति, कला एवं सांस्कृतिक समृद्धि के विभिन्न रंग देखने को मिले। विद्यालय परिवार, आयोजन समिति एवं पूर्व छात्रों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष योगदान दिया।

