अमृत मिशन की उच्चस्तरीय जांच कराएं : संतोष पिल्ले

अमृत मिशन की उच्चस्तरीय जांच कराएं : संतोष पिल्ले

राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ़) 13 अक्टूबर।

शहर में लगभग 210 करोड़ रुपये की लागत से अमृत मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति योजना पूरी होने के बावजूद अनेक वार्डों में नियमित जलापूर्ति नहीं होने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। इस मुद्दे को लेकर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर के नाम एडीएम को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से योजना की स्वीकृत राशि, वास्तविक व्यय, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, तकनीकी निरीक्षण और जल वितरण व्यवस्था की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई। कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी नागरिकों को पर्याप्त पानी नहीं मिलना गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों, कर्मचारियों और संबंधित ठेकेदारों की भूमिका की जांच कर अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।


श्री पिल्ले ने कहा कि अमृत मिशन का मुख्य उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड और प्रत्येक घर तक नियमित एवं पर्याप्त पेयजल पहुंचाना था। इसके लिए केंद्र सरकार की योजना के अंतर्गत लगभग 210 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई और कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी गई। इसके बावजूद शहर के कई वार्डों में नियमित जलापूर्ति नहीं हो पा रही है।

इससे आम नागरिकों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है और लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जब योजना पर इतनी बड़ी राशि खर्च की जा चुकी है तो यह स्पष्ट होना चाहिए कि आखिर किन कारणों से नागरिकों को इसका पूरा लाभ नहीं मिल रहा है। योजना के क्रियान्वयन, निर्माण की गुणवत्ता, पाइपलाइन बिछाने, पंपिंग स्टेशन, पानी की टंकियों और वितरण प्रणाली की कार्यप्रणाली की जांच जरूरी है।

कांग्रेस ने इस मामले में प्रशासन से जवाबदेही तय करने की मांग की है कांग्रेस ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदारी तय की जाए और शहर के प्रत्येक वार्ड में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले, पार्षद सतीश मसीह, मुकेश साहू, राजा तिवारी, छोटेलाल रामटेके, नयामत हुड्डा, मोहनी युवराज, भारती, संगीता देवांगन सहित कांग्रेस नेता आसिफ अली, राहुल गजभिए, जितेंद्र कुमार साहू और ऋषि रजक सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Chhattisgarh