राजनांदगांव(अमर छत्तीसगढ) 05 दिसम्बर 2025। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान बिक्री की रोकथाम के लिए कोचियों एवं बिचौलियों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। आने वाले समय में कोचियों एवं बिचौलियों द्वारा अवैध धान की बिक्री करने की पुनरावृत्ति होने एवं संलिप्त पाए जाने पर अपराधिक प्रकरण भी दर्ज किए जा सकते हैं।
इसी कड़ी में राजस्व, खाद्य, मंडी विभाग के संयुक्त दल द्वारा आज कुल 2 प्रकरणों में 17 लाख 45 हजार 920 रूपए मूल्य के 563.20 क्विंटल (1408 बोरा) अवैध धान जप्त किया गया। इसी तरह खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में अब तक कुल 152 प्रकरणों में 5 करोड़ 88 लाख 48 हजार 726 रूपए मूल्य के 18983.46 क्विंटल (47459 बोरा) अवैध धान एवं 11 वाहन जप्त किया गया है।
जिले में कोचियों एवं बिचौलियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिले के 1500 छोटे एवं बडे मंडी अनुज्ञप्तिधारियों को सूचीबद्ध कर अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार एवं खाद्य व मंडी के अधिकारियों को जांच कर अवैध रूप से भंडारित धान जप्त किए जाने तथा सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिये गये है।
जिले में अंतर्राज्यीय अवैध धान आवक के रोकथाम हेतु जिले में कुल 3 अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट बोरतलाब, पाटेकोहरा एवं कल्लूबंजारी स्थापित किया गया है। जहां पर मंडी, नगर सेना, वन विभाग एवं राजस्व के अधिकारियों द्वारा तीन पालियों में 24 घंटे की ड्यूटी लगाई गई है।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के नेतृत्व में राजस्व, खाद्य, सहकारिता, पंचायत एवं कृषि विभाग के संयुक्त जांच दल द्वारा धान उपार्जन केन्द्र तुमड़ीबोड़ का भौतिक सत्यापन किया गया।
धान उपार्जन केन्द्र तुमडीबोड़ में ऑनलाईन रिपोर्ट अनुसार जांच दिनांक तक कुल 361 किसानों से 20562 क्विंटल (51398 बोरा) धान खरीदी किया जाना पाया गया। संयुक्त जांच दल द्वारा धान खरीदी अनुसार उपार्जन केन्द्र प्रांगण में स्टेक किए हुए धान भरे हुए बोरों की गणना की गई।
गणना में धान उपार्जन केन्द्र में धान खरीदी से 1258 बोरा (503.20 क्विंटल) अधिक पाया गया। जांच में अवैध धान विक्रय करने के उद्देश्य से समिति प्रांगण में 15 लाख 59 हजार 920 रूपए मूल्य का 503.20 क्विंटल (1258 बोरा) का अतिरिक्त धान भंडारित कर रखा गया है। जांच में पाये गये अवैध भंडारित धान की जप्ती की कार्रवाई की गई।

