छत्तीसगढ़ में एक बार फिर वन्यजीवों के शिकार : सड़ी- गली हालत में मिली तेंदुए की लाश, भोरमदेव अभ्यारण में दो जंगली भैसों की मौत

छत्तीसगढ़ में एक बार फिर वन्यजीवों के शिकार : सड़ी- गली हालत में मिली तेंदुए की लाश, भोरमदेव अभ्यारण में दो जंगली भैसों की मौत

कवर्धा(अमर छत्तीसगढ) 17 दिसम्बर। छत्तीसगढ़ के मोतीनपुर और बोटेसूर गांव के बीच जंगल में तेंदुए की सड़ी- गली हालत में लाश मिली है। शव एक सप्ताह पुराना बताया जा रहा है। प्रथम दृष्ट्या करंट लगाकर शिकार करने की आशंका जताई जा रही है।

इस मामले की जानकारी मिलते ही जंगल सफारी की डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक जांच टीम पहुंची। जांच टीम ने मोतिनपुर के बिशु साहू को हिरासत में लेकर 14 दिन की रिमांड में भेज दिया है।

आरोपी के घर से जेआई तार बरामद किया गया। इसके साथ ही बीट गार्ड को निलंबित कर दिया है। यह घटना लोहारा रेंज के मोतीनपुर बीट की है।

वहीं एक बार फिर राजकीय पशु वन भैंसा की मौत से हड़कंप मच गया है। भोरमदेव अभ्यारण के जामुन पानी क्षेत्र में करंट लगने से दो वन भैंसों की मौत हुई है। बीते दो माह में चार वन भैंसों की मौत से वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

शिकारियों द्वारा करंट लगाकर शिकार किया गया है। सूचना पर वन मंडल अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड जांच में जुटी है।

करोड़ों खर्च के बावजूद वन्य प्राणी सुरक्षा पर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं। बोड़ला विकासखंड जामुन पानी बिट का मामला है। इस मामले वन विभाग दो लोगो को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

Chhattisgarh