रायपुर(अमर छत्तीसगढ) 26 जनवरी। छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर अपना लोहा मनवाया है। आगामी माह फरवरी 2026 में आयोजित होने वाले ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ के लिए छत्तीसगढ़ राज्य दल की घोषणा कर दी गई है। इस चयन सूची में सबसे खास बात यह है कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा रायपुर और बिलासपुर में संचालित खेल अकादमियों के 32 खिलाड़ियों ने अपनी जगह पक्की की है।
आपको बता दें कि, छत्तीसगढ़ को ‘खेलो इंडिया नेशनल गेम्स 2026’ की मेजबानी का गौरव प्राप्त हुआ है। इसी कड़ी में आयोजित होने वाले ट्राइबल गेम्स में कुश्ती, फुटबॉल, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, एथलेटिक, तीरंदाजी और तैराकी जैसी प्रतिस्पर्धाएं होंगी। साथ ही, कबड्डी और मलखम्ब को प्रदर्शनी खेल के रूप में शामिल किया गया है।

