रायपुर(अमर छत्तीसगढ) 26 जनवरी। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में बैरियर तोड़कर फरार हुए महाराष्ट्र के गांजा तस्करों को रायपुर की विधानसभा थाना पुलिस ने दबिश देकर गिरफ्तार किया है।
आरोपियों ने डायल 112 की पुलिस गाड़ी को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की, लेकिन वे नाकाम रहे। टक्कर के बाद पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के नाम ठाणे जिला निवासी राकेश गुप्ता और रायगढ़ (महाराष्ट्र) निवासी अमित सिंह हैं। दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम राकेश गुप्ता और अमित सिंह बताए। तलाशी के दौरान आरोपियों की कार से 35 किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया।

विधानसभा सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने गांजा तस्करों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को गांजा सहित गिरफ्तार किया गया है। गांजा कहां से लाया गया और कहां ले जाया जा रहा था, इस संबंध में पुलिस गहन जांच कर रही है।

