रायपुर(अमर छत्तीसगढ) 2 फरवरी। छत्तीसगढ़ के राजिम से लगे दुधकैयां गांव में दो समुदायों के बीच तनाव हिंसक झड़पों में बदल गया। शिव मंदिर में कथित तोड़फोड़ और उसके बाद मारपीट की घटनाओं ने पूरे इलाके में उग्र माहौल बना दिया। स्थिति बिगड़ने पर कई जिलों से पुलिस बल बुलाकर तैनात किया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि घटना उनके संज्ञान में है और दोषियों को बक्शा नहीं जाएगा, उन पर विधि सम्मत कार्रवाई होगी।
हिंसक झड़प पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि, घटना उनके संज्ञान में है और सरकार पूरी गंभीरता से मामले पर नजर रखे हुए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तीनो आरोपी और जो भी इस घटना के लिए जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ कड़ी और विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाए जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर भी मुख्यमंत्री ने यही दोहराया कि सरकार कानून के दायरे में रहते हुए ही हर कदम उठाएगी, और किसी भी तरह की अवैध कार्रवाई नहीं की जाएगी।
बताया जा रहा है कि, एक मुस्लिम युवक ने शिव मंदिर में तोड़फोड़ की थी। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जेल से छूटते ही उसने अपने सगे- सम्बन्धियों को बुलाकर लोगों से मारपीट की। मारपीट की खबर सुनते ही हिंदू समुदाय के लोगों ने गुस्से में घरों और वाहनों में आग लगा दी।
इस घटना के बाद गांव में कर्फ्यू जैसे हालात हैं। स्थिति को कंट्रोल में लाने के लिए राजिम, फिंगेश्वर सहित आसपास के कई पुलिस थानों से अतिरिक्त बल बुलाया गया है। इसके साथ ही मिडिया को भी अंदर नहीं जाने दिया रहा है।

