नक्सल इतिहास का सबसे बड़ा समर्पण : चार करोड़ के इनामी 44 महिला समेत 108 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 3.61 करोड़ कैश, 1 किलो सोने के साथ डाले हथियार

नक्सल इतिहास का सबसे बड़ा समर्पण : चार करोड़ के इनामी 44 महिला समेत 108 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 3.61 करोड़ कैश, 1 किलो सोने के साथ डाले हथियार

जगदलपुर(अमर छत्तीसगढ़) 11 मार्च । बस्तर संभाग में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (डीकेएसजेसी) से जुड़े 108 माओवादी कैडरों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण किया है, जिससे नक्सली संगठन को बड़ा झटका लगा है। सरेंडर करने वालों में 44 महिला माओवादी भी शामिल हैं। इन सभी पर कुल 3 करोड़ 29 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर स्थित शौर्य भवन पुलिस को-ऑर्डिनेशन सेंटर में डीजीपी अरुण देव गौतम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर इसकी जानकारी दी। वहीं ओडिशा में भी 10 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है, जिनपर कुल 1 करोड़ 65 लाख 62 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों से मिली सूचना और अन्य आसूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। इस दौरान विभिन्न डंप से एके-47, इंसास, एलएमजी, बीजीएल समेत कुल 101 घातक हथियार बरामद किए गए। इसे नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Chhattisgarh