बिलासपुर(अमर छत्तीसगढ़) 26 मार्च । छत्तीगसराह के बिलासपुर में खनिज विभाग के दावों के बाद भी जिले में रेत और मिट्टी का अवैध उत्खनन और परिवहन धड़ल्ले से जारी है। इस दौरान अफसरों ने मैदानी इलाकों में कार्रवाई करते हुए तीन दिनों में जेसीबी, हाईवा और ट्रैक्टर सहित 14 वाहनों को जब्त किया है।
जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। लेकिन, खनिज विभाग के अफसरों की लापरवाही और उदासीनता के चलते शहर से लेकर गांव तक खनिज माफिया सक्रिय हैं, जो रात के साथ-साथ दिन में खुलेआम अवैध उत्खनन और परिवहन कर रहे हैं।
कलेक्टर अग्रवाल की सख्ती के बाद खनिज के साथ ही राजस्व और पुलिस की टीम ने अभियान चलाकर संयुक्त रूप से कार्रवाई की। इस दौरान तीन दिनों तक चले अभियान में 14 वाहनों को जब्त किया गया है, जिनमें 1 जेसीबी, 3 हाईवा और 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली शामिल हैं।


